अगले माह के अंत तक कानपुर में मेट्रो ट्रेन आना शुरू हो जाएगी

नवंबर में ट्रायल रन की तैयारियों के बीच अगले माह के अंत तक कानपुर में मेट्रो ट्रेन आना शुरू हो जाएगी. इस समय मेट्रो ट्रेन का निर्माण गुजरात के सांवली में चल रही है. यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के एमडी कुमार केशव ने गुजरात जाकर मेट्रो के निर्माण का जायजा लिया ।
कानपुर मेट्रो के पहले फेज में आइआइटी से मोतीझील तक आठ ट्रेने दौड़ाई जाएंगी. नवंबर में इसका ट्रायल रन होना है. यूपीएमआरसी अफसरों के मुताबिक, सितंबर तक कानपुर में ट्रेन का पहला सेट आ जाएगा. मेट्रो ट्रेन निर्माण की जानकारी लेने गुजरात के सांवली पहुंचे यूपीएमआरसी एमडी कुमार केशव एवं निदेशक परिचालन सुशील कुमार ने बताया कि ट्रेनों की एसेंबलिंग और टेस्टिंग की प्रक्रिया अंतिम चरण में है. उन्होंने कहा कि कानपुर की मेट्रो ट्रेन को उन्नत और अत्याधुनिक तकनीक से निर्मित किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि कानपुर में मेक इन इंडिया मेट्रो ट्रेन आएंगी. शुरूआती तौर पर यहां पर तीन कोच की मेट्रो चलाई जाएगी. कानपुर मेट्रो के प्रस्तावित दोनों कॉरिडोर्स (आईआईटी से नौबस्ता और सीएसए से बर्रा-8 के लिए कुल 39 मेट्रो ट्रेनें आनी हैं, जबकि आईआईटी से मोतीझील के बीच बन रहे 9 किमी. लंबे प्रयॉरिटी कॉरिडोर पर 8 मेट्रो ट्रेनों के साथ परिचालन होगा. कानपुर की मेट्रो ट्रेनें ऑटोमैटिक ट्रेन ऑपरेशन को ध्यान में रखते हुए सीबीटीसी प्रणाली यानी संचार आधारित ट्रेन नियंत्रण प्रणाली से लैस होंगी. अत्याधुनिक मेट्रो ट्रेनें ऊर्जा संरक्षण, सुरक्षित परिचालन और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिज़ाइन की गई हैं. इतना ही नहीं, इन ट्रेनों में कार्बन-डाई-ऑक्साइड सेंसर आधारित एयर-कंडीशनिंग सिस्टम भी मौजूद होगा, जिससे मेट्रो परिचालन के दौरान ऊर्जा की बचत होगी. मेट्रो ट्रेनों की डिजाइनिंग बॉम्बार्डियर की जर्मनी और इंडिया की टीमों की निगरानी में पूरी हुई है l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *