*लोकसभा चुनाव की तैयारी हुई तेज, बोर्ड परीक्षाओं का मांगा गया शेड्यूल*
कानपुर आने वाले साल की शुरुआत में ही लोकसभा चुनाव का आयोजन होने वाला है लेकिन इन चुनावों को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल, इण्टरमीडिएट के साथ ही अन्य परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए ही करवाया जाएगा। इस संबंध में केन्द्रीय चुनाव आयोग ने 2024 जनवरी से लेकर मई के बीच में आने वाली परीक्षाओं का उत्तर प्रदेश सरकार से पूरा ब्योरा मांगा है। वैसे प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं का अधिकतर बार फरवरी-मार्च में आयोजन किया जाता रहा है।
चुनाव और परीक्षाओं को लेकर तैयारियां तेज-
चुनाव और परीक्षाओं को लेकर तैयारियां आगे बढ़ाने को लेकर काम किए जा रहे हैं। फिलहाल उन पोलिंग बूथ के बारे में मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से जानकारी मांगी गई है जहां पोलिंग पार्टी को वोट करवाने के लिए नाव से जाना होगा। इस बाबात चुनाव आयोग का पूरा फोकस इस बात को लेकर है कि नामांकन, मतदान, मतगणना लेकर सभी काम बेहतर ढंग से हो सके इसके लिए चुनाव ड्यूटी करने वाले कार्मिकों को अच्छी ट्रेनिंग दी जाए। प्रशिक्षण की पांच थीम भी तय कर ली गई हैं। पहली थीम है- मतदान केन्द्रों की संवेदनशीलता, दूसरी थीम है- पोलिंग पार्टी, तीसरी थीम है- मतदान के दिन का इंतजाम, चौथी थीम है- पोस्टल बैलेट और पांचवीं थीम है- आदर्श चुनाव आचार संहिता का अनुपालन करना। इसके साथ ही कई और बिन्दुओं को भी शामिल किया गया है।
