समिति ने जिला चिकित्सालय पुरूष व महिला एवं जिला कारागार का किया निरीक्षण, दिये निर्देश
कानपुर देहात 13 अगस्त 2021
मा0 सभापति उत्तर प्रदेश विधान मण्डल महिला एवं बाल विकास संयुक्त समिति श्रीमती सविता भदौरिया ने जिला चिकित्सालय पुरूष व महिला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला वार्ड, बच्चों का वार्ड, इमरजेन्सी, जनरल वार्ड, उपस्थिति रजिस्टर, मरीजों का रजिस्टर आदि का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपस्थित मरीजों का हाल चाल लिया। उन्होंने मरीजों से पूछा कि कोई चिकित्सक आपसे रूपये तो नही मांग रहे, इस पर मरीजों ने बताया कि अस्पताल में सही प्रकार से इलाज हो रहा है, किसी प्रकार की कोई समस्या नही है तथा समय पर दवा आदि उपलब्ध रहती है। वहीं सभापति ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में सभी व्यवस्थायें दुरस्त रखे, समय से चिकित्सक अस्पताल में उपस्थित रहे, मरीजों का इलाज सही प्रकार से किया जाये, साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाये, कोविड-19 नियमों का पालन शत प्रतिशत किया जाये। इसके पश्चात समिति ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महिला बंदियों व बच्चों से हाल चाल लिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं बंदियों को समय से भोजन, नाश्ता आदि उपलब्ध कराया जाये, बच्चों को शिक्षा दिलायी जाये। सजायाफ्ता महिला बंदियों को यूनीफार्म उपलब्ध करायी जाये। वहीं उन्होंने महिला बंदियों द्वारा बनाये गये घरेलू उपयोग की वस्तुआें को देखा तथा सराहना किया।
इस मौके पर अकबरपुर रनियां विधायक प्रतिभा शुक्ला, रसूलाबाद विधायक निर्मला संखवार, मुख्य विकास अधिकारी सौम्या पाण्डेय, अनु सचिव यदुवीर सिंह, समीक्षा अधिकारी सौरभ सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी राकेश यादव, सीएमओ डा0 एके सिंह, बीएसए सुनील दत्त आदि उपस्थित रहे।
2021-08-13
