बदमाशों ने बीएसएफ जवान को गाली मार दी

कानपुर देहात। कानपुर देहात में बदमाशों ने बीएसएफ जवान को गाली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शुक्रवार देर रात हाईवे पर हथियारबंद 6 बदमाशों ने जवान को रोक लिया। उसके साथ जमकर मारपीट की। 26 हजार रुपए और सोने की चेन लूट ली। विरोध पर गोली मारकर फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल जवान को पीएचसी में एडमिट कराया। हालत गंभीर होने पर शनिवार सुबह उसे जिला अस्पताल रेफर किया है।

जैनपुर निवासी बीएसफ जवान शैलेंद्र सिंह (35) की तैनाती बांग्लादेश सीमा पर है। चार दिन पहले वह छुट्टी पर आए हुए थे। पारिवारिक सदस्य के रसधान स्थित बीयर ठेके से हिसाब करके वह रात 10 बजे बाइक से अपने फुफेरे भाई वीरू संग घर वापस जा रहे थे। हाईवे पर सलेमपुर मोड़ पर पहले से घात लगाए खड़े 6 बाइक सवार बदमाशों ने घेराबंदी कर रोक लिया। मारपीट करते हुए गले से सोने की चेन और 26 हजार लूट लिए। विरोध पर पेट में गोली मारकर राजपुर की ओर भाग गए।

राहगीरों ने घायल शैलेंद्र को देखा तो मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को पीएचसी में भर्ती कराया। सुबह उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से 32 बोर तमंचे के दो खोखे और एक कारतूस बरामद किया है।

शैलेंद्र के छोटे भाई भानू प्रताप सिंह ने बताया कि उसके भाई शैलेंद्र को रंजिश में गोली मारी गई है। किसने मारा है, इसके बारे में भइया जानते हैं। वहीं पुलिस ने परिजनों और घायल जवान के बयान लिए हैं। राजपुर थाने के एसआइ जीतमल ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *