महापौर ने अपनी कुर्सी पर 8 साल के बच्चे को बैठाया

कानपुर। कानपुर में आन-बान-शान के साथ गलियों से लेकर सरकारी इमारतों पर तिरंगा फहराया गया। सुबह 8 बजे से शुरू हुए स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में जन-गण-मन की झलक देखने को मिली। नगर निगम में महापौर प्रमिला पांडेय ने रिमोट का बटन दबाकर ध्वजारोहण किया। कलेक्ट्रेट में डीएम आलोक तिवारी ने ध्वजारोहण किया। वहीं कानपुरवासियों ने पार्कों, चौराहों और प्रमुख मार्केट में तिरंगा फहराया और राष्ट्रगान गाया।
ध्वजारोहण के बाद नगर निगम सदन में कार्यक्रम आयोजित हुआ। क्योंकि महापौर को जौनपुर अपनी जेठानी की तेरहवीं संस्कार में जाना था। ऐसे में कार्यक्रम बाधित न हो महापौर ने सफाई कर्मी के 8 साल के बच्चे को अपनी जगह पर बैठाया। इसके बाद सभी कार्यक्रम आयोजित हुए। नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन, अपर नगर आयुक्त अरविंद राय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शहीदों की याद में हर साल कानपुर में सबसे बड़ी कैंडिल जलाई जाती है। मोतीझील स्थित कारगिल पार्क में अमर जवान चौक में सुबह शहीदों को कैंडिल जलाकर श्रद्धांजलि दी गई। 5 फीट ऊंची और 2 फीट मोटाई की कैंडिल हर साल जलाई जाती है।
कलेक्ट्रेट में डीएम आलोक तिवारी ने कलेक्ट्रेट कैंपस स्थित गांधी पार्क में ध्वजारोहण किया। डीएम ने सबसे पहले गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद ध्वजारोहण किया। डीएम ने कहा कि आजादी के 75वें साल में हमें ये नहीं भूलना चाहिए कि हमें ये आजादी हजारों स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान के बाद मिली है।
75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एडीजी कानपुर जोन भानु भास्कर ने ऑफिस में ध्वजारोहण किया। वहीं पुलिस लाइन में कमिश्नरी लागू होने के बाद परेड का आयोजन किया गया। इस मौके पर अत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया।
पॉलिटेक्निक डिपो में कानपुर मेट्रो परियोजना के ऑफिस में प्रोजेक्ट डायरेक्ट अरविंद सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस मौके पर भारत की आज़ादी के अमृत महोत्सव की बधाई दी गई। वहीं औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, सांसद सत्यदेव पचौरी, देवेंद्र सिंह भोले, विधायक शलिल विश्नोई, सुरेंद्र मैथानी समेत अन्य नेताओं ने अपने क्षेत्रों में कई जगह ध्वजारोहण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *