देश में अब जातिवाद नहीं राष्ट्रवाद चलेगा

कानपुर। देश में अब जातिवाद नहीं राष्ट्रवाद चलेगा। यह बात मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कही। वह किदवई नगर में एक गेस्ट हाउस में युवा मोर्चा की कानपुर-बुंदेलखंड इकाई द्वारा आजादी के 75 वर्ष होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने हर पदाधिकारी को अगले तीन माह में 10-10 कार्यकर्ताओं के निर्माण के लिए कहा।

उन्होंने कहा कि अमृत महोत्सव के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम को शहीदों को स्मरण करना हमारा कर्तव्य है। यह देश हमें आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित सौंपना है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल हमें सांप्रदायिक कहते हैं तो हम सांप्रदायिक हैं क्योंकि हम राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं। राम मंदिर, धारा 370 की बात करते हैं। कश्मीरी शरणार्थियों के दर्द को हम समझते हैं तो हम सांप्रदायिक हैं। इसके साथ ही हमें हिंदू होने का गर्व है, इसलिए हमें सांप्रदायिक कहा जाता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुनील साहू ने की। संचालन प्रशांत द्विवेदी ने किया। इस मौके पर उत्तर जिलाध्यक्ष सुनील बजाज, दक्षिण जिलाध्यक्ष डा. बीना आर्या, ग्रामीण जिलाध्यक्ष कृष्ण मुरारी, विधायक महेश त्रिवेदी, शिववीर सिंह, सौरभ भूषण, अरविंद राज त्रिपाठी, अनिल यादव रहे।

मंच पर भीड़ चढ़ने से हुए नाराज: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मंच पर भीड़ के चढ़ने से नाराज भी हुए। अपने भाषण को उन्होंने कई बार बीच में ही रोका और लोगों से मंच से उतरने के लिए कहा। बार-बार कहने के बाद भी भीड़ मंच से नहीं उतरी। उन्हें यहां तक कहना पड़ा कि एक बार उनकी नजर में चढ़ गए तो ठीक नहीं। इसलिए बैठ जाओ। कार्यक्रम स्थल की क्षमता से कहीं अधिक भीड़ बुलाए जाने पर भी उन्होंने कहा कि इससे अच्छा तो इसे कहीं खुली जगह में किया जाना चाहिए था। कार्यक्रम स्थल में ज्यादातर लोग बिना मास्क के थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *