राजपुर थाना क्षेत्र के जैसलपुर गांव के सामने यमुना नदी के पानी में कई दिनों से युवक व युवती के शव सड़-गल रहे हैं और उन्हें पशु-पक्षी नोच रहे हैं, लेकिन पुलिस है कि अनजान बनी है। ग्रामीणों के जानकारी देने के बाद भी यहां कोई झांकने नहीं आया है। इससे लोगों में आक्रोश है।
जैसलपुर गांव के सामने करीब पांच दिनों से यमुना के पानी में किनारे की तरफ करीब 100 मीटर दूरी पर युवक व युवती के शव पड़े हैं। हत्या कर इनके शव फेंके जाने की आशंका ग्रामीण जता रहे हैं। इससे जहां दुर्गंध उठ रही, वहीं चील-कौवे व पशु इन्हें नोंच रहे हैं। यमुना नदी के किनारे सड़ रहे इन शवों के बारे में पुलिस को सूचना ग्रामीणों ने दी पर इसके बावजूद यहां कोई छानबीन करने या देखने तक नहीं आया। ऐसे में राजपुर पुलिस कितनी सजग है समझा जा सकता है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि शवों के मिलने की सूचना प्राप्त नहीं हुई है फिर भी मौके पर पुलिस टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।
