अंतरराष्ट्रीय फर्जी कॉल सेंटर से करोड़ों की ठगी का मामला: पांच हजार अमेरिकी नागरिकों का डाटा मिला, सीबीआई को भेजा
कानपुर में अंतरराष्ट्रीय फर्जी कॉल सेंटर केे जरिये अमेरिकी नागरिकों को ठगने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। सरगना जसराज सिंह के पास से बरामद पेन ड्राइव का डाटा रिकवर होने पर पांच हजार अमेरिकी नागरिकों का डाटा मिला है।
इनमें बैंक खाते से लेकर निजी जानकारियां भी हैं। क्राइम ब्रांच ने सीबीआई को जानकारी देते हुए डाटा भेज दिया है। सीबीआई इंटरपोल की मदद से अमेरिकी सरकार को इसकी जानकारी देगी। काकादेव में चल रहे कॉल सेंटर का क्राइम ब्रांच ने भंडाफोड़ कर दस करोड़ की ठगी का खुलासा किया था।
मास्टर माइंड जसराज सिंह के दिल्ली स्थित घर से पुलिस को कई पेन ड्राइव मिली थीं। डीसीपी क्राइम सलमान ताज पाटिल ने बताया कि एक पेन ड्राइव से पांच हजार अमेरिकी नागरिकों का डाटा मिला है। इसमें उनका बैंक खाते का पूरा विवरण, ई-मेल, मोबाइल नंबर, क्रेडिट-डेबिट कार्ड नंबर, सीवीवी समेत अन्य अहम जानकारियां शामिल हैं।
जिसके जरिये ठग आसानी से उनके खातों से रकम पार करते थे। डीसीपी ने बताया कि ये डाटा जसराज को उसके अमेरिकी साथी थॉमस ने उपलब्ध कराया है। इसकी जानकारी सीबीआई को दी गई है। इंटरपोल अमेरिकी सरकार से समन्वय बनाकर इस जानकारी को साझा करेगी। जिससे थॉमस पर भी शिकंजा कस सके।
