क्रांतिकारी कमांडर अर्जुन सिंह भदौरिया को उनकी 17 वीं पुण्यतिथि पर किए गए श्रद्धा सुमन अर्पित.

कमाण्डर साहब ने जुझारू समाजवादियों की खड़ी की थी लंबी फौज


इटावा । समाजवादी पुरोधा, विचारक, चिंतक ,क्रांतिकारी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पूर्व सांसद कमाण्डर अर्जुन सिंह भदौरिया को जनपद इटावा में उनकी 17 वीं पुण्यतिथि पर याद किया गया तथा उन्हें जगह-जगह श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। उनके लोहिया ग्राम में पहुंचकर उनके अनुयायियों ने कमाण्डर साहब के स्मारक पर श्रद्धांजलि दी।
कौमी तहफ़्फ़ुज़ कमेटी के संयोजक एवं कमाण्डर अर्जुन सिंह भदौरिया के शिष्य खादिम अब्बास ने अपनी खिराजे अकीदत पेश करते हुए कहा कि कमाण्डर अर्जुन सिंह भदौरिया ने जीवन भर अन्याय ,अत्याचार, शोषण , ऊंच – नीच , छुआ -छूत भेदभाव एवं सामाजिक कुरीतियों का विरोध किया ।
वह समाजवादी मनीषी डॉ राम मनोहर लोहिया के प्रिय साथी थे। उन्होंने डॉ लोहिया के साथ मिलकर देश भर में क्रांतिकारी जुझारू समाजवादियों की एक लंबी फौज खड़ी की थी ।कमाण्डर साहब तीन बार लोकसभा इटावा से सांसद चुने गए और उन्होंने पूर्व रक्षा मंत्री व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को राजनीति का ककहरा सिखाया।
ख़ादिम अब्बास ने कहा कि उनका राजनीतिक जीवन संघर्षों से भरा पड़ा है ।इटावा के बकेवर गोलीकांड सन 1968 की यादें आज भी जनपद वासियों के मन मस्तिक पर अंकित हैं। कमाण्डर साहब ने एक अति दलित महिला के अपमान पर बकेवर थाना समाजवादियों की फौज के साथ घेर लिया था। जिसमें कई प्रदर्शनकारी शहीद हो गए थे।
प्रसपालो के अनुसूचित जाति जनजाति के राष्ट्रीय महासचिव डॉ धर्मेंद्र कुमार,मोहम्मद आमीन भाई ,अभिषेक आजाद ,डी आर दोहरे, इफ्तिखार मिर्जा ,डॉ आशीष कुमार ,(आप )दीपक राज, नरेश प्रताप सिंह धनगर एडवोकेट ,समीर दोहरे व देवेंद्र दोहरे ने अपने श्रद्धांजलि संदेश में कहा कि कमांडर अर्जुन सिंह भदौरिया हम आप सब मानवता वादियों के प्रेरणास्रोत थे।
वह इटावा जनपद की ऐसी विभूति थे जिन्होंने अन्याय , अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष करना सिखाया। उन्होंने कहा कि कमाण्डर साहब साम्प्रदायिकता वादी शक्तियों के प्रबल विरोधी थे उन को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि आप सब मिलकर देशतोड़क , समाज विरोधी सांप्रदायिकता वादी शक्तियों को परास्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *