फर्रुखाबाद में राखी बांधने जा रही महिला और दो पुत्रों को ट्रक ने रौंदा, हादसे के बाद बाइक में लगी आग
फर्रुखाबाद में बाइक सवार महिला अपने दो पुत्रों के साथ रविवार को बाइक से भाइयों के राखी बांधने मायके जा रही थी। बड़ा पुत्र बाइक चला रहा था, जबकि मां छोटे बेटे के साथ पीछे बैठी थी। हाथीपुर के निकट अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें तीनों की मौत हो गई। दुर्घटना में ट्रक के नीचे फंस कर करीब 200 मीटर तक घिसटने के बाद बाइक में आग लग गई। ट्रक बिजली के दो खंभे तोड़ते हुए सड़क से नीचे उतर गया। घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। लोगों ने पानी डालकर आग बुझाई।
कंपिल क्षेत्र के गांव मेदपुर निवासी 45 महिला मीना भाइयों को राखी बांधने बाइक से जहानगंज के गांव मोहद़्दीनपुर स्थित मायके जा रही थी। लगभग 19 वर्षीय बड़ा बेटा सुमित बाइक चला रहा था, जबकि लगभग सात वर्षीय छोटा भाई रोहन मां के साथ पीछे बैठा था। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में हथियारपुर रेलवे क्रासिंग के निकट कायमगंज मार्ग पर सीमेंट से लदे अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। महिला व बच्चे की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि बाइक चला रहे सुमित को गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल भेजा गया। जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रक के पहिये में फंसी बाइक में करीब दो सौ मीटर तक घिसटने के बाद आग लग गयी। धमाके की आवाज सुनकर घटनास्थल के पास ट्रैक्टर एजेंसी पर बैठे कर्मचारी विशाल कश्यप व अन्य लोग भागकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने हैंडपंप से पानी भरकर जल रही बाइक पर डाला। इससे ट्रक जलने से बच गया। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चालक ट्रक छोड़ कर भाग गया। ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। ट्रक की टक्कर से बिजली के दो पोल भी टूट गये।
सूचना पर अस्पताल पहुंचे सुमित के पिता राजेश्वर सक्सेना व अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्वजन ने बताया कि मीना देवी रक्षाबंधन पर भाई कृपाशंकर व विद्या शंकर सक्सेना को राखी बांधने थाना जहानगंज के गांव मोहद्दीनपुर स्थित मायके जा रही थीं। सीओ सिटी नितेश सिंह, मऊदरवाजा थाना प्रभारी अजय नारायण सिंह, शहर कोतवाली प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय भी घटनास्थल पहुंचे। फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। सीओ सिटी ने बताया कि फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। सीमेंट से लोड ट्रक कब्जे में लिया गया है।
उजड़ गया राजेश्वर का परिवार, पुत्री ही बची: गांव मेदपुर निवासी राजेश्वर सक्सेना मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाते हैं। पत्नी व पुत्रों की दुर्घटना में मौत के बाद अब 11 वर्षीय पुत्री सुनैना ही घर में बची है। ट्रक शहर के मोहल्ला सूफी खां निवासी शलभ गुप्ता के नाम है। थाना प्रभारी ट्रक को खींचने के लिए क्रेन की व्यवस्था करने में जुटे रहे।
पुलिस खोजती रही टेंपो: घटनास्थल पर कुछ लोगों ने पुलिस को जानकारी दी कि ट्रक ने एक टेंपो में भी टक्कर मारी थी। ट्रक की रफ्तार ज्यादा थी और अनियंत्रित लग रहा था। पुलिस टेंपो की तलाश करने का प्रयास करती रही।
20 गांव की बिजली ठप: चौरसिया मझोला फीडर के जेई एसएस चौहान ने बताया कि ट्रक की टक्कर से दो खंभे टूटे हैं। जिनमें एक खंभे से स्कूल की लाइन गई है। जबकि दूसरा खंभा टूटने से करीब 20 गांव की आपूर्ति ठप हुई है। तार कटवा दिए गए हैं। ट्रक हटने के बाद लाइन की मरम्मत कराई जाएगी।
