सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं

कानपुर। शहर में रायपुरवा थानाक्षेत्र के कोपरगंज चौराहे के पास सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। मंगलवार भोर पहर दिल्ली की ट्रेन पकड़ने के लिए ओला कार से रेलवे स्टेशन जा रहे अर्किटेक्ट और चालक की मौत हो गई। चाचा नेहरू अस्पताल के सामने सड़क पर खड़ी डीसीएम में ओला कार टकरा गई। हादसे में कार सवार अर्किटेक्ट की बहन के ननदोई गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें रीजेंसी अस्तपाल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।

उन्नाव की सिविल लाइंस कालोनी में रहने वाले शिक्षक मदन मोहन शुक्ला के 24 वर्षीय बड़े बेटे अनुभव उर्फ नंदू ने पिछले वर्ष ही लखनऊ के कालेज से बैचलर आफ आर्किटेक्ट की डिग्री हासिल की थी। दिल्ली में आयोजित सेमिनार में प्रतिभाग करने के लिए मंगलवार सुबह उसे भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली जाना था। इसलिए वह सोमवार की शाम उन्नाव से शास्त्रीनगर निवासी बहन अमृता के घर आ गया था। अमृता के ननदोई कल्याणपुर की मिर्जापुर कालोनी निवासी मसाला कंपनी के सेल्स मैनेजर अनुपम मिश्रा को भी अनुभव के साथ दिल्ली जाना था।

स्वजन ने बताया कि मंगलवार तड़के चार बजे अनुपम मिश्रा अपने घर से ओला कार से अनुभव को लेने शास्त्रीनगर पहुंचे। यहां से दोनों कार में सवार होकर जरीब चौकी डिप्टी पड़ाव होते हुए घंटाघर जा रहे थे। रास्ते में कोपरगंज चौराहे के पास ओला कार सड़क पर खड़ी डीसीएम में पीछे घुस गई। हादसा देखकर आसपास के लोग दौड़े और पुलिस को फोन किया। पुलिस ने कार में फंसे अनुपम मिश्रा, अनुभव और चालक नौबस्ता के. ब्लाक निवासी जितेंद्र वर्मा को एलएलआर अस्पताल पहुंचाया। डाक्टर ने अनुभव व जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया।

स्वजन गंभीर हालत में अनुपम को रीजेंसी अस्पताल ले गए, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। रायपुरवा थाना प्रभारी ने बताया कि संभवत: कोपरगंज चौराहे के पास अंधेरे में कार चालक सड़क पर खड़ी डीसीएम को नहीं देख पाया और हादसा हो गया। चालक व एक यात्री की मौत हुई है, तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *