फतेहपुर/कानपुर। फतेहपुर के कल्या
नपुर थाने के चौडगरा कस्बे में टैक्स चोरी बचाने के लिए वाणिज्य कर टीम पर हमला बोलकर सुपाड़ी लदा ट्रक लूट ले जाने के नामजद आरोपितों की तलाश में पुलिस की गठित टीमें कानपुर शहर व देहात में डेरा डालकर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। हालांकि पुलिस ने सोमवार रात चालक व खलासी समेत ट्रक को बरामद कर लिया था। बता दें कि रविवार रात चौडगरा कस्बा में वाणिज्य कर अफसर व सिपाहियों से असलहाधारी दो लग्जरी कार सवारों ने मारपीट कर करीब 43 लाख 83 हजार रुपये कीमत की सुपाड़ी से लदा ट्रक लूट लिया गया था, जिसमें कानपुर देहात के भोगनीपुर इकाई के असिस्टेंट कमिश्नर श्रीधर त्रिपाठी निवासी गोरेयाडीह मुंगराबाद शाहपुर जिला जौनपुर ने अनिल कुमार उर्फ लालजी शुक्ला, लग्जरी कार चालक अजय कुमार द्विवेद, डीके जैन, अनिल जैन, प्रवीण कुमार जैन गणपति रोड कैरियर्स व एक अज्ञात के खिलाफ डकैती,सरकारी कार्य में बाधा डालकर मारपीट कर साजिश रचने की रिपोर्ट कल्यानपुर थाने में दर्ज करा दी थी।
सनसनीखेज घटना के लिए पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने सीओ बिंदकी योगेंद्र मलिक के नेतृत्व में औंग, कल्यानपुर व स्वाट टीम की चार पुलिस टीमें गठित कर ट्रक बरामदगी के साथ नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे जिसमें पुलिस ने बकेवर थाने के भैंसोली के पास से चालक व खलासी को सुपाड़ी लदे ट्रक के साथ गिरफ्तार कर लिया था लेकिन नामजद आरोपितों को नहीं पकड़ सकी थी। इस बाबत सीओ बिंदकी योगेंद्र मलिक ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है इसके आगे अभी वह कुछ नहीं बता सकते।
नामजद क्रेता, विक्रेता, ट्रांसपोर्टर व ट्रक मालिक की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीमें फतेहपुर के साथ कानपुर देहात व शहर में डेरा डाले हुए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि सुपाड़ी लदा ट्रक बरामद कर लिया गया है। शीघ्र ही पूरे मामला का राजफाश किया जाएगा फिलहाल नामजद आरोपितों की तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं।
