सेवानिवृत्त दरोगा को टेंपो ने मारी टक्कर, मौत

कानपुर देहात के डेरापुर कस्बे में मॉर्निंग वॉक पर निकले सेवानिवृत्त दरोगा व गल्ला व्यापारी को अज्ञात टेंपो ने टक्कर मार दी। जिससे सेवानिवृत्त दरोगा की मौके पर मौत हो गई और व्यापारी घायल हो गया। व्यापारी को सीएचसी में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद टेंपो सहित चालक भाग निकला।

डेरापुर कस्बे के कबीरनगर वार्ड निवासी सेवानिवृत्त दरोगा बनवारी लाल (70) व दीन दयाल नगर के रहने वाले गल्ला व्यापारी राधेश्याम यादव (65) रोज की तरह मंगलवार सुबह करीब पांच बजे डेरापुर-मुंगीसापुर मार्ग पर टहलने जा रहे थे। जब वह देवीसहाय इंटर कॉलेज के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार टेंपो ने दोनों को टक्कर मार दी। जिससे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

घटना के बाद टेंपो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। लोगों की सूचना पर पहुंची 112 पीआरवी पुलिस टीम ने दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉ. अनुपम सिंह ने रिटायर दरोगा बनवारीलाल को मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी पत्नी रामश्री, बेटे राघुवेंद्र सिंह, योगेंद सिंह, यादवेंद्र व अन्य परिजन रोने बिलखने लगे।

घायल राधेश्याम का उपचार किया गया। हल्का दरोगा राकेश कुमार ने बताया कि सीएचसी के वार्ड ब्वाय अरुण कुमार की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के संबंध में किसी ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *