पुलिस पर हत्यारोपितों को बचाने का आरोप

24 घंटे बाद भी किसी भी आरोपित को नहीं भेजा जेल
Wed, 25 Aug 2021
बिधनू के कुंज विहार इलाके में ससुराल आए लोडर चालक 55 वर्षीय भानू उर्फ अनुज बाजपेई की हत्या के मामले में पुलिस ने अभी किसी भी हत्यारोपित को जेल नहीं भेजा है। स्वजन का आरोप है कि पुलिस हत्यारोपितों को बचाने में जुटी है। मंगलवार को मृतक के स्वजन बिधनू थाने पहुंचे थे। यहां ं थाना प्रभारी से उन लोगों की बंद कमरे में बातचीत हुई।

छोटी गंगापुर कालोनी निवासी भानू उर्फ अनुज बाजपेई रक्षा बंधन के दिन पत्नी संध्या को ससुराल से लेने गए थे। ससुराल में उनका ससुर व साले से विवाद हुआ, जिसके बाद संध्या के भाई अनुज ने गैंती से ताबड़तोड़ वार करके बहनोई की हत्या कर दी। भानू के पिता ने अनुज उर्फ वीरू समेत छह आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने वीरू को गिरफ्तार करने के साथ ही आलाकत्ल भी बरामद किया था। मृतक के स्वजन आरोप लगा रहे हैं कि पुलिस शेष पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन ने शव रखकर हंगामा किया था, जिसके बाद अधिकारियों ने चार आरोपितों को हिरासत में लेने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए भिजवाया। मंगलवार को भी पुलिस ने किसी भी आरोपित को जेल नहीं भेजा है। थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह का कहना है कि अब तक जांच में वीरू ही आरोपित है। छानबीन चल रही है।

स्वजन बोले पुलिस की निगाह में सिर्फ एक गुनहगार

मृतक की मां कमलेश देवी का आरोप है कि कमरे में हुई बातचीत के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कह कि अब तक की छानबीन में सिर्फ वीरू ही गुनहगार साबित हो रहा है। उसी को सिर्फ जेल भेजेंगे। आरोप है कि पुलिस अन्य हत्यारोपितों को बचाने के प्रयास कर रही है। बिना दूसरों की सहायता से उनके बेटे की हत्या नहीं की जा सकती थी। जब हत्या हुई, घर में सभी मौजूद थे। दिव्यांग भाई विभू को छोड़कर अन्य तीन आरोपित रामबाबू, राघव और संध्या भी शामिल थे। जिन्हें पुलिस बचाने का प्रयास कर रही है।

सिर पर ताबड़तोड़ वार से हुई मौत

थाना प्रभारी बिधनू ने बताया कि पोस्टमार्टम में सिर पर ताबड़तोड़ वार से हड्डियां चकनाचूर हुईं थीं। सीने पर खरोच के निशान मिले हैं। जो छीनाझपटी, मारपीट या फिर गिरने के दौरान रगड़ के कारण हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *