कानपुर देहात में पौधारोपण रक्षासूत्र कार्यक्रम के तहत मंगलवार को जिलाजज अनिल कुमार झा ने कोर्ट परिसर में पौधा रोपा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधा रोपने व उनकी सुरक्षा व संरक्षण करने की अपील की।
जिला जज अनिल कुमार झा ने आंवले का पौधा रोपा और इसके बाद उसे रक्षासूत्र बांधा। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हम अपने बच्चों का ख्याल रखते हैं उसी तरह से इन पौधों का भी ख्याल रखें। लोग छायादार, फलदार व अच्छे पौधों का ही रोपण करें जिससे सभी का लाभ हो। उन्होंने कहा कि बिना पेड़-पौधों के मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है। ऐसे में वृक्षों के संरक्षण के माध्यम से ही वन्य जीव-जंतुओं, मानव जाति व प्रकृति को बचाया जा सकता है। सभी ने इस मौके पर पौधों की रक्षा करने का संकल्प लिया। इस दौरान जिला विधिक प्राधिकरण की सचिव साक्षी गर्ग, न्यायिक अधिकारियों में सुनील कुमार यादव, रामकिशोर, सुधाकर राय, शैलेंद्र कुमार वर्मा, वकार शमीम रिजवी, रवि यादव, कनिष्क कुमार सिंह, अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, निजेंद्र कुमार व सीमा सिंह रहीं।
कन्या सुमंगला योजना के अधिक लगाए जाएं शिविर : डीएम
डीएम जेपी सिंह ने कलेक्ट्रेट में वैक्सीनेशन, गोल्डन कार्ड, कन्या सुमंगला योजना आदि की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कन्या सुमंगला योजना के लिए अधिक शिविर लगाकर फार्म भराए जाने की बात कही।
बैठक में डीएम को डॉ. महेंद्र जतारया ने बताया कि समुचित तरीके से वैक्सीन की प्रथम व द्वितीय डोज सीएचसी, जिला चिकित्सालय आदि जगहों पर लग रही है। वहीं डा. सुखलाल वर्मा ने बताया कि कल गोल्डन कार्ड करीब 411 बनाए गए हैं, जिस पर जिलाधिकारी ने कम गोल्डन कार्ड बनाये जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोल्डन कार्ड प्रतिदिन कम से कम एक हजार लोगों के बनाए जाएं। वहीं कन्या सुमंगला योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विभागों को जो लक्ष्य दिया गया है उसे हर हाल में प्राप्त करें व कन्या सुमंगला योजना अभियान के अभी दो दिन बचे है तथा दो दिन कैंप लगाकर अधिक से अधिक बालिकाओं के फार्म भरवाए जाएं। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी सौम्या पांडेय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व साहब लाल, सीएमओ डा. एके सिंह, डीडीओ गोरखनाथ भट्ट रहे।
