कानपुर। कानपुर में मंगलवार की रात 10:30 बजे बर्रा में बीच सड़क दबंगों का तांडव देखने को मिला। यहां 40 से ज्यादा लड़कों का एक झुंड बाइक सवार युवक पर टूट पड़ा। उसे दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा। इस दौरान उस पर कभी ईंट से हमला हुआ तो कभी डंडे बरसाए गए। दबंगों ने युवक की बाइक भी ईंटों से कुचल दी।
बीच सड़क इस दबंगई को देख एक राहगीर युवक वीडियो बनाने लगा। दबंगों ने उसे भी दबोच लिया और मोबाइल लूटने के बाद उसे भी बेरहमी से पीटा। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। एक युवक को सिर पर छह जगह गंभीर चोट लगने के चलते बुधवार सुबह तक होश नहीं आया है। बर्रा पुलिस 35 लोगों पर एफआईआर दर्ज करके दबंगों की तलाश में जुट गई है। हालांकि मारपीट की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस इसे पुरानी रंजिश मान रही है।
बर्रा-7 ए-ब्लॉक में रहने वाले जीत सिंह के बेटे अभय सिंह ने बताया कि मंगलवार रात को वह दवा लेकर घर लौट रहे थे। इस दौरान दबंगों ने मुझे घेरकर रोक लिया। 40 से ज्यादा दबंगों ने पहले लात-घूसों से जमकर पीटा। डंडे से पीटने के साथ ही ईंट से भी मारी। इतना पीटा कि बेदम हो गया।
इस दौरान यादव मार्केट चौराहे पर ही रहने वाले राजेश अग्निहोत्री का बेटा 20 वर्षीय ऋतुराज मोबाइल से पिटाई का वीडियो बनाने लगा। दबंगों ने वीडियो बनाता देख उसे भी दबोच लिया और जमकर पीटा। सिर पर छह जगह ईंट लगने से वह बेहोश हो गया तो पिटाई कर रहे 40 दबंग मौके से भाग निकले। इलाकाई लोग दोनों को बेहोशी हालत में पास के अस्पताल लेकर पहुंचे। ऋतुराज के सिर पर चोट लगने से बुधवार सुबह तक उसे होश नहीं आया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ करने के बाद मौके से लौट गई। मामले में अभय सिंह और राजेश अग्निहोत्री की तहरीर पर पुलिस ने प्रशांत, बल्ली, रॉनित राठौर, यशवर्धन पंडित और प्रखर दत्त समेत 35 अज्ञात के खिलाफ बलवा, मारपीट, लूट और जान से मारने का प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
दबंगों ने दो युवकों को बेरहमी से पीटा और उन्हें मरणासन्न कर दिया। मामले की सूचना देने के बाद भी बर्रा थाना प्रभारी हरमीत सिंह मौके पर नहीं पहुंचे। चौकी इंचार्ज जांच-पड़ताल करके लौट गए। बाद में दबंगई का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आई।
इसके बाद बर्रा थाना प्रभारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए दबंगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो की मदद से आरोपियों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। जिन आरोपियों को पहचान लिया गया उनकी गिरफ्तारी के लिए बर्रा पुलिस दबिश दे रही है।
पिटाई से घायल युवकों के परिजनों ने बताया कि वारदात के बाद उन्होंने बर्रा थाने में शिकायत की तो कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित परिजनों ने डीसीपी साउथ रवीना त्यागी को कई बार फोन करके वारदात की जानकारी देने का प्रयास किया। उनके दफ्तर जाकर शिकायत की तो सुबह आने का हवाला दिया गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो बर्रा पुलिस, एसीपी गोविंद नगर विकास पांडेय और डीसीपी साउथ हरकत में आईं। तब जाकर दबंगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
