कानपुर देहात के अलावलपुर गांव में हैंडपंप से पानी भरकर घर लाते समय साइकिल सवार बालक तालाब में गिर गया। बेहोशी की हालत में लोगों ने उसे तालाब से बाहर निकाला। अस्पताल ले जाते समय बालक की मौत हो गई।
अलावलपुर गांव निवासी चंद्रपाल किसान है। उसका बेटा शोभित घर में जरूरत का पानी तालाब के पास लगे हैंडपंप से भरकर लाता था। हर रोज की तरह बुधवार शाम को वह साइकिल पर केन लेकर हैंडपंप पर गया था। वहां केन में पानी भरने के बाद वह साइकिल से वापस घर आ रहा था। तालाब के किनारे से कच्चे रास्ते पर साइकिल असंतुलित हो गई। इस पर वह साइकिल समेत तालाब में जा गिरा।
बच्चे के चिल्लाने पर राहगीर जुट गए। जानकारी पाकर परिजन भी पहुंच गए। किसी तरह से उसे तालाब से बाहर निकाला गया। बेहोशी की हालत में परिजन उसे अस्पताल ले गए। हालांकि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। चिकित्सक के मृत घोषित करने पर परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सिठमरा चौकी इंचार्ज राकेश सिंह ने बताया कि जानकारी मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। वहीं डेरापुर तहसील के डिप्टी कलेक्टर/तहसीलदार लाल सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। क्षेत्रीय लेखपाल राजा बाबू कटियार को गांव भेजकर रिपोर्ट मांगी गई है।
