फतेहपुर में सुपाड़ी लदा ट्रक लूटने वाले तीन गिरफ्तार, सुपाड़ी किंग समेत छह लुटेरों की पुलिस को तलाश
फतेहपुर में सुपाड़ी के कारोबार में जीएसटी का खेल करने वाले ‘सुपाड़ी किंग’ पुलिस की गिरफ्त से दूर हैैं। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि छह अब भी पकड़ से दूर हैैं। स्थानीय पुलिस आरोपितों को पकडऩे के लिए कानपुर जिले की पुलिस के साथ अभियान चला रही है। वहीं, सुगबुगाहट यह भी है कि पुलिस उन तक पहुंच गई है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के जीटी रोड पर सुपाड़ी भरा ट्रक लूटने की घटना में पुलिस ने सात नामजद तथा अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इनमें कानपुर महानगर के गणपति ट्रेडर्स के डीके जैन, अनिल जैन, प्रवीण जैन के अलावा इनके लिए काम करने वाले अनिल शुक्ला, लालजी शुक्ला, अजय द्विवेदी व अज्ञात शामिल हैं।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि असिस्टेंट कमिश्नर और उनकी टीम के साथ मारपीट करके सुपाड़ी भरा ट्रक लूटने वाले तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के हत्थे चढ़े ग्राम शीतलपुर थाना घाटमपुर कानपुर नगर के मूल निवासी ट्रक मालिक शिवनाथ परिहार है जो वर्तमान में आकाशिया अपार्टमेंट सूर्य नगर, थाना कुलमना, नागपुर महाराष्ट्र में रहता है। वारदात में शामिल और सहयोगी अजय द्विवेदी निवासी उद्योग नगर थाना नौबस्ता कानपुर तथा तीसरा कानपुर का ही ट्रक क्लीनर बउवा उर्फ विनय कुमार है। एसपी ने बताया कि सुपाड़ी लदा ट्रक और ट्रक मालिक की कार बरामद कर ली गई है। बाजार में सुपाड़ी की कीमत करीब 45 लाख रुपये है। स्वाट टीम और कल्यानपुर थाना पुलिस ने ट्रक मालिक और क्लीनर को कल्यानपुर थाना क्षेत्र से और सहयोगी को कानपुर से गिरफ्तार किया गया है।
यह है मामला: रविवार की रात डेढ़ बजे जीटी रोड हाईवे पर वाणिज्यकर के कानपुर रेंज के असिस्टेंट कमिश्नर श्रीधर त्रिपाठी की टीम पर जानलेवा हमला करके असलहों के बल पर सुपाड़ी भरा ट्रक लूट लिया गया था। असिस्टेंट कमिश्नर ने कल्यानपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वाणिज्यकर विभाग की टीम का आरोप था कि स्थानीय पुलिस ने घटना के बाद सहयोग नहीं किया। इस पर आनन-फानन कानपुर और जिला पुलिस की संयुक्त टीमें गठित कर दी गई थीं।
