गीता दिवस के अवसर पर मॉल रोड स्थित A V विद्यालय इंटर कॉलेज में भव्य आयोजन किया गया, जिसमें प्राचार्य प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में शिक्षकों और छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत गीता पर आधारित एक रैली से हुई, जिसके बाद छात्रों ने मानव श्रृंखला बनाकर सामाजिक एकता और जागरूकता का संदेश दिया।
प्राचार्य प्रदीप गुप्ता ने अपने संबोधन में गीता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “गीता हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण ग्रंथ है, जिसे हर व्यक्ति को पढ़ना और समझना चाहिए। गीता के प्रत्येक श्लोक में जीवन के उद्देश्यों को प्राप्त करने और सही मार्गदर्शन पाने के सूत्र दिए गए हैं। वर्तमान समय में युवा वर्ग अपने कर्तव्यों और दायित्वों से भटकता जा रहा है। गीता के अध्ययन से उन्हें न केवल सही दिशा मिलेगी बल्कि अपने कर्मों के प्रति सजग भी बनेंगे।”
इस अवसर पर छात्रों को गीता के महत्व और उसके मूल संदेश से अवगत कराया गया। प्राचार्य ने यह भी कहा कि गीता का ज्ञान छात्रों को जीवन की कठिनाइयों का सामना करने और अपने कर्तव्यों को बेहतर ढंग से निभाने में सहायक होगा। इस आयोजन का उद्देश्य गीता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना था।
