कानपुर

 

कानपुर मेट्रोः ट्रैक निर्माण के बाद अब कानपुर सेंट्रल तक थर्ड रेल सिस्टम लगाने का काम भी पूरा

 

ओएचई की जगह 750 वोल्ट डीसी थर्ड रेल से चलती हैं कानपुर मेट्रो की ट्रेन

 

कानपुर मेट्रो ने आज कॉरिडोर-1 (आईआईटी – नौबस्ता) के अंतर्गत मोतीझील से कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक दोनों लाइनों पर थर्ड रेल सिस्टम इन्स्टॉल करने का काम पूरा कर लिया है। कानपुर मेट्रो की ट्रेनें 750 वोल्ट डीसी थर्ड रेल से चलतीं हैं। थर्ड रेल इन्स्टॉल करने का कार्य ट्रैक निर्माण के साथ-साथ ही किया जा रहा था। हाल ही में नयागंज से कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक लगभग 1500 मीटर लंबे स्ट्रेच पर ट्रैक निर्माण का कार्य पूरा किया गया, जिसके बाद आज इस स्ट्रेच पर थर्ड रेल इंस्टॉल करने का कार्य भी पूरा कर लिया गया। इसके साथ ही अब आईआईटी से कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक दोनों लाइनों पर ट्रैक भी बन गई है और ट्रेन परिचालन हेतु बिजली सप्लाई के लिए थर्ड रेल भी लग गए हैं।

थर्ड रेल प्रणाली में पारंपरिक तौर पर प्रयोग होने वाली ओएचई (ओवर हेड इक्युपमेंट) प्रणाली की जगह पर ट्रैक के समानांतर बिछी हुई थर्ड रेल का प्रयोग किया जाता है। 750 वोल्ट डीसी करंट पर चलने वाली कानपुर मेट्रो ट्रेनें परिचालन हेतु इसी थर्ड रेल का प्रयोग करतीं हैं। इस सिस्टम का मेंटेनेंस कम होता है क्योंकि ट्रैक के समानांतर बिछे होने के कारण इसमें पतंगबाजी आदि कारणों से बिजली की सप्लाई ट्रिप या बाधित होने की आशंका नहीं होती। साथ ही साथ इस प्रणाली की वजह से बिजली के तारों का कोई सेटअप बाहरी तौर पर दिखाई नहीं देता, जिससे शहर के इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुंदर बनाए रखने में मदद मिलती है।

 

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने इस अवसर पर कहा कि, “कानपुर मेट्रो ने आज मोतीझील से कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक ट्रैक निर्माण के बाद थर्ड रेल सिस्टम इंस्टॉल करने का काम भी पूरा कर लिया है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। इस रूट के कुछ हिस्सों पर अभी सिग्नलिंग और टेलिकॉम से जुड़े सिस्टम इंस्टॉल करने की प्रक्रिया चल रही है, जो जल्द ही पूरी कर ली जाएगी। कानपुर मेट्रो टीम आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक यात्री सेवा के विस्तार के लिए पूरी प्रतिबद्धता से जुटी हुई है। हमें पूरा विश्वास है कि कॉरिडोर-1 और 2 पर निर्माण कार्यों की तेज गति ऐसे ही जारी रहेगी और सभी निर्माण कार्य सुनियोजित ढंग से पूरे किए जाएंगे।”

 

वर्तमान में, लगभग 24 किमी लंबे कॉरिडोर-1 (आईआईटी-नौबस्ता) के अंतर्गत कानपुर मेट्रो की यात्री सेवाएं 9 किमी लंबे प्रॉयरिटी कॉरिडोर (आईआईटी-मोतीझील) पर चल रहीं हैं। कॉरिडोर-1 के बैलेंस सेक्शन यानी चुन्नीगंज से नौबस्ता तक चल रहे निर्माण कार्य के अलावा लगभग 8.60 किमी लंबे कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा 8) का निर्माण कार्य भी तेजी से बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *