
कानपुर 17 दिसंबर
दिल्ली में आज सांसद श्री *रमेश अवस्थी* ने भारत सरकार के रेल, केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री *अश्विनी वैष्णव* से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कानपुर महानगर की आवश्यक रेल व आईटी से जुड़ी परियोजनाओं के लिए एक पत्र सौंपा और उनकी तत्काल जनहित में स्वीकृति की मांग की।
*कोलकाता के लिए सीधी सुपरफास्ट ट्रेन का संचालन:*
कानपुर से कोलकाता के लिए सीधी सुपरफास्ट ट्रेन का संचालन नहीं होने से व्यापारियों, छात्रों व आम जनता को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। चर्म उद्योग, इंजीनियरिंग कंपनियां और चाय का कारोबार जैसे कई प्रमुख व्यवसाय कानपुर और कोलकाता के बीच होते हैं। सांसद श्री अवस्थी ने इस मार्ग पर एक सीधी सुपरफास्ट ट्रेन शुरू करने की मांग की।
*दिल्ली के लिए अतिरिक्त श्रमशक्ति एक्सप्रेस:*
कानपुर से दिल्ली के बीच यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए, एक अतिरिक्त श्रमशक्ति एक्सप्रेस की रात्रिकालीन सेवा शुरू करने का भी अनुरोध किया गया।
*कानपुर में आईटी पार्क की स्थापना:*
कानपुर एक प्रमुख औद्योगिक व शैक्षिक केंद्र होने के बावजूद अब तक आईटी पार्क से वंचित है। आईआईटी कानपुर, कृषि विश्वविद्यालय व अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों के लाखों छात्रों को रोजगार के अवसरों के लिए अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। आईटी पार्क की स्थापना से रोजगार सृजन के साथ-साथ कानपुर का पुराना औद्योगिक स्वरूप भी पुनर्जीवित हो सकेगा।
*रेलवे ओवरब्रिज निर्माण*
कानपुर सेंट्रल के घंटाघर सिटी साइड से टाट मिल चौराहा व झकरकटी बस स्टेशन को जोड़ने वाले पुराने रेलवे ओवरब्रिज की स्थिति जर्जर हो चुकी है। इसके अलावा, टाट मिल चौराहा से बाबूपुरवा को जोड़ने वाले ओवरब्रिज की स्थिति भी गंभीर है। सांसद ने इन दोनों रेलवे ओवरब्रिज के पुनर्निर्माण की मांग की, जो कानपुर मर्चेंट चैंबर द्वारा भी लगातार की जा रही है।
श्री अवस्थी ने रेल मंत्री से आग्रह किया कि इन जनहित परियोजनाओं को जल्द से जल्द स्वीकृत कर कानपुर व आसपास के क्षेत्रों की जनता को राहत प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं न केवल यातायात सुविधा को बेहतर बनाएंगी, बल्कि कानपुर के औद्योगिक विकास को भी नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी ।
भवदीय
*सांसद कार्यालय*
