कानपुर

 

मंगलवार रात रंग बिरंगी रोशनी से जगमग शहर भर के चर्चों में प्रार्थना सभाएं गूंज रही थीं। हजारों श्रद्धालुओं का रुख शहर की चर्चों की ओर था। शहर भर के मेमोरियल चर्च, मेथाडिस्ट, क्राइस्ट चर्च, सेंट जेवियर्स चर्च, सेंट कैथरीन, ऑल सोल्स चर्च में प्रभु येशु मसीह के झांकियां देख लग रहा था, मानो प्रभु येशु मसीह धरती पर उतर आए हो। जैसे-जैसे रात ढल रही थी वैसे-वैसे शहर के गिरजाघरों में भीड़ बढ़ती ही जा रही थी। प्रार्थना घर में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल थे, चर्च क्वायर में प्रभु येशु की महिमा का गुणगान हो रहा था, इसी दौरान प्रार्थना घर के पीछ से चर्च के पादरी बच्चों के साथ प्रार्थना करते हुए आते हैं और घड़ी पर 12 बजते ही चर्च की घंटे घन-घना उठते हैं, गिरजाघर हैप्पी क्रिसमस, मैरी क्रिसमस से गूंज उठते हैं। प्रभु यीशु के धरती पर जन्म लेते ही गिरजाघर भक्त मेरा प्रभु जन्मा, प्यारा प्रभु जन्मा… जगमग दीप जले, चमका एक सितारा नील गगन में चमका, शोर दुनिया में ये हो गया आज पैदा मसीह हो गया गीत पर लोग झूमने लगते हैं। यह नजारा मंगलवार देर रात शहर भर के चर्चों में येशु मसीह के जन्म पर देखने को मिला।

 

क्रिसमस के उत्सव पर शहर के छोटे-बड़े 200 गिरजाघरों व घरों में रात 10 बजे से पल्ली की गायन मंडली की ओर से क्रिसमस कैरोल के साथ हुआ। नमन-नमन बालक येशु, जगमग दीप जले, पूरब दिशा से तारा, मिलकर हम सन्ना तेरी गाते, चरनी में पैदा हुआ… के भक्तिमय गीतों ने श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया। इसके बाद बाइबिल में से प्रभु यीशु मसीह के वचनों को सुनाया गया। मरियम मैरी के घर येशु के जन्म लेते ही, लोग खुशियों से झूम उठे। गिरजाघरों में युवाओं ने वायलिन और ड्रम की संगत पर आया मसीह दुनिया में तू पापियों को बचाने को… ओहो मसीह आया जमीन पर खुशी होती है, ओहो खुशी है सारे आसमान… प्रभु यीशु मसीह का स्वागत किया। अशोक नगर स्थित सेंट जेवियर्स चर्च के पादरी ने कहा कि प्रभु येशु रात 12 बजे मरियम मैरी से पैदा हुए। प्रभु यीशु ने खुद स्लीब पर चढ़ कर सारी मानव जाति के पापों के प्रायश्चित के लिए बलि दी और तीन दिन बाद मुर्दों के बीच से जीवित हो उठे। कहा कि परमेश्वर ने संसार को इतना प्यार किया कि उसने अपने इकलौते पुत्र येशु मसीह को दुनिया में भेजा। कार्यक्रम के अंत में सिस्टर पूर्णिमा, रंजना, रानी, रिया, विंसेट जैकेब समेत अन्य लोग मौजूद रहे। देर रात तक चर्चों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। गिरजाघरों में लोग येशु मसीह की झांकियों के दर्शन और फोटो खींचने में लगे रहे।

 

वहीं पादरी डायमंड यूसुफ, पादरी संदीप विलियम, पादरी अनिल गिल्बर्ट आदि ने परमेश्वर के वाचनों को कलीसिया में बांटा। कानपुर माल रोड स्थित क्राइस्ट चर्च, सिविल लाइंस स्थित एलएलजेएम चर्च, काकादेव स्थित न्यू लाइफ चर्च, पनकी स्थित असेंबली बीलीवर्ष चर्च आदि कैरोल और बाइबिल में से प्रभु यीशु के वचनों को सुनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *