मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में महापौर प्रमिला पांडेय ने नए साल के मौके पर नगर निगम की उपलब्धियां गिनाई। जाते हुए साल की उपलब्धियों के साथ वर्ष-2025 में शहर को मिलने वाली सौगातों का एलान किया। स्वरूप नगर में महिला मार्केट बनाए जाने का रास्ता साफ हो गया है।

इसके अलावा शहर के अंदर हर घर से कूड़ा उठान को लेकर व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। अब नगर निगम के सभी 6 जोनों में जोनवार कूड़ा उठान व्यवस्था को शुरू किया जाएगा। इसके लिए 6 प्राइवेट कंपनियों को काम दिया जाएगा। वहीं कूड़ा उठान व्यवस्था की मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से की जाएगी।

महापौर ने बताया कि बीते साल में नगर निगम ने अमृत योजना के तहत छतमरा और मंगला विहार में तालाब का निर्माण कराया गया। 1855 सड़कों का निर्माण 17 करोड़ रुपए से किया गया। इसके अलावा 184 सड़कों का चयन कर 150 किमी लंबाई में 13 करोड़ रुपए से सड़कों को गड्ढामुक्त किया गया। शहर में कूड़ा घर को बनाया गया स्मार्ट

महापौर ने बताया कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत कानपुर में खुले में बने कूड़ा घरों को खत्म किया गया। शहर में 68 पोर्टेबल कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन बनाए गए। इसके अलावा 31 अंडरग्राउंड डस्टबिन का निर्माण किया गया। इस वर्ष स्वच्छता के लिए कानपुर को देश में 18वां और प्रदेश में 5वां स्थान मिला। शहर के अंदर वर्ष-2024 में 7 नलकूप, 2 मिनी नलकूप नए लगाए गए और 14 रिबोर कराए गए। 40 किमी लंबाई में पाइप लाइन और 33 किमी में सीवर लाइन डाली गई। 4811 मेनहोल को ढक्कन लगाकर कवर किया गया।

मेयर हर वार्ड में करेंगी बैठक

नए वर्ष के मौके पर महापौर ने एलान किया कि नए साल से हर वार्ड में एक घंटा लोगों की समस्याएं सुनेंगी। इसमें हाउस टैक्स, जलकल, जल निगम, मार्ग प्रकाश, जेडएसओ, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, केस्को, राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। कल वार्ड-1 में चाचा नेहरू अस्पताल में महापौर का पहला शिविर लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *