*भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा, कानपुर उत्तर जिला द्वारा संविधान गौरव अभियान के अंतर्गत जिला गोष्ठी का आयोजन*
*प्रकाशनार्थ*
कानपुर 19 जनवरी
भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा, कानपुर उत्तर जिले ने आज राखी मंडी, अफीम कोठी में संविधान गौरव अभियान पखवाड़े के तहत एक जिला गोष्ठी का आयोजन किया। इस सभा की अध्यक्षता अनुसूचित मोर्चा के जिला अध्यक्ष विनोद सोनकर ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला मंत्री धीरज बाल्मिकी ने किया। कार्यक्रम का संयोजन अवधेश सोनकर ने किया।
सभा में मुख्य अतिथि के रूप में कानपुर देहात और औरैया की विधायक *गुड़िया कठेरिया* उपस्थित रहीं। उन्होंने गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि आज जो विपक्षी दल संविधान की रक्षा करने की बात कर रहे हैं, उन्हें यह भी याद रखना चाहिए कि उनके पूर्वजों ने 1952 और 1954 के चुनावों में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को हराने के लिए साम्यवादी दलों के साथ मिलकर प्रयास किए थे। प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने खुद बाबा साहेब के खिलाफ चुनाव प्रचार किया था। यही नहीं, नेहरू सरकार के दौरान बाबा साहेब को रक्षा और विदेश मामलों की महत्वपूर्ण समितियों से भी बाहर रखा गया और उनके ज्ञान एवं योगदान को नजरअंदाज किया गया।
*गुड़िया कठेरिया* ने एनसीईआरटी की किताब में प्रकाशित एक कार्टून का भी उल्लेख किया, जिसमें बाबा साहेब का अपमान किया गया था। उन्होंने कहा कि जो लोग आज बाबा साहेब को अपना आदर्श बता रहे हैं, वही उनके योगदान को पहले नकारते रहे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि मोदी जी ने बाबा साहेब अंबेडकर के सपनों को साकार किया और संविधान को लोकतंत्र का पवित्र ग्रंथ बताया। उन्होंने यह भी कहा कि अनुच्छेद 370 को समाप्त कर जम्मू-कश्मीर में संवैधानिक समानता सुनिश्चित करना भाजपा सरकार का ऐतिहासिक निर्णय है, जो डॉ. अंबेडकर के विचारों को सम्मानित करता है।
जिला अध्यक्ष *दीपू पांडे* ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने हमेशा जातिवाद और कांग्रेस की नीतियों के बीच गहरे संबंध को उजागर किया था। उन्होंने कहा कि अगर बाबा साहेब आज जीवित होते तो भाजपा सरकार द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों पर गर्व महसूस करते।
गोष्ठी के दौरान संविधान गौरव अभियान के जिला संयोजक अवधेश सोनकर ने कहा कि जिस प्रकार सभी धर्मग्रंथ पूजनीय होते हैं, उसी प्रकार लोकतंत्र में संविधान पूजनीय है।
इस अवसर पर भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी,किशन लाल सुदर्शन जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ,अनूप चौधरी दिनेश सुदर्शन मंडलर अध्यक्ष गौरव पांडे रमा शंकर अग्रहरि राजकुमार दिवाकर,अजित नाहर,अनिल वर्माऔर अन्य कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
सभा में संविधान के प्रति जागरूकता फैलाने और डॉ. अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कई वक्ताओं ने अपने विचार साझा किए। सभा का समापन संविधान के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए किया गया।