कानपुर

टूट चुके गंगा पुल के पास चार-लेन का नया पुल बनाने के लिए शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा। इसके समानांतर चार लेन का रेलवे पुल बनवाने पर जोर दिया। एमएलसी सलिल विश्नोई ने विधान परिषद में गंगा पर नया पुल बनाने की मांग की। कानपुर नगर और उन्नाव को जोड़ने वाला 150 साल पुराना पुल 24 नवंबर को टूट गया था।विधानसभा अध्यक्ष के अनुसार नए पुल का निर्माण किया जाना अत्यंत आवश्यक है। इसके बनने से लखनऊ, उन्नाव और हरदोई आवागमन में सहूलियत हो जाएगी। क्षतिग्रस्त शुक्लागंज सेतु के स्थान पर नए चार लेन पुल और लखनऊ-कानपुर रेल मार्ग के सम्पार संख्या 41 स्पेशल पर चार लेन रेल उपरिगामी सेतु का निर्माण किए जाने से लगभग 3.50 लाख की आबादी लाभान्वित होगी।
प्रशासनिक अधिकारियों से पता चला कि उक्त प्रस्तावित परियोजना को वित्तीय वर्ष 2024-25 की कार्ययोजना में शामिल करने के लिए शासन भेजा जा चुका है। पत्र में आमजनों के आवागमन की समस्या को दृष्टिगत रखते हुए पुराने क्षतिग्रस्त पुल के समीप गंगा नदी पर नए सेतु के निर्माण के लिए संबंधित को निर्देशित करने पर जोर दिया गया। इसी तरह, एमएलसी सलिल विश्नोई ने विधान परिषद में कानपुर-शुक्लागंज के निवासियों की समस्या का हवाला देकर गंगा पर अविलंब नया पुल बनाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *