कानपुर नगर एआरटीओ प्रशासन ने डीलरो संग कि अहम बैठक
चार अहम बिन्दुओ पर डीलरो को दिए गए दिशा निर्देश
एचएसआरपी प्लेट लगाने व अपडेट करने के बाद ही डीलर दे सकेंगे वाहन
कानपुर। एआरटीओ प्रशासन आलोक कुमार सिंह ने परिवहन आयुक्त द्वारा जारी दिशा निर्देश के क्रम में गुरूवार को संभागीय परिवहन कार्यालय में डीलरो के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने डीलरो को चार बिन्दु पर विशेष रूप से कार्य करने के दिशा निर्देश दिए। एआरटीओ प्रशासन आलोक कुमार सिंह ने बैठक में चार बिन्दुबओ के बारे में बताते हुए कहा कि दर्पण पोर्टल पर प्रदर्शित हो रही पेंडेंसी के संबंध में समस्त डीलर को डीलर प्वाइंट रजिस्ट्रेशन व्यवस्था के अंतर्गत निर्धारित एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) के तहत समस्त पंजीयन पत्रों को पूर्ण करके सावधानी पूर्वक वाहन -4 से डाउनलोड किए गए फॉर्म 20 पर वाहन स्वामी के हस्ताक्षर और फोटो और यदि वाहन पर फाइनेंस चढ़ा है मोहर व हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद ही उसे अपलोड करे। दूसरे बिन्दु के संबंध में दिशा निर्देश देते हुए कहा कि वाहन की डिलीवरी तभी हो जब वाहन में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लग जाए और पोर्टल पर अपडेट हो जाये तभी वाहन को उसके स्वामी को सौंपा जाये। तृतीय बिन्दु के बारे में उन्होंने डीलरो से कहा कि समस्त डीलर वाहन बेचने से पूर्व वाहन खरीदने वाले व्यक्ति को सड़क सुरक्षा के विषय में जानकारी देंगेे। दो पहिया वाहनों स्वामियो को हेलमेट के बारे में और चार पहिया वाहन स्वामियों को सीट बेल्ट के बारे में जानकारी देते हुए इससे जुड़े फोटोग्राफ परिवहन कार्यालय द्वारा संचालित डीलर ग्रुप पर प्रस्तुत करना होगा। चौथे बिन्दु पर उन्होंने इलेक्ट्रिक व्हीकल सब्सिडी के संबंध में समस्त डीलर को परिवहन आयुक्त से जारी नई गाइडलाइन के संबंध में अवगत कराते हुए कहा कि आने वाले समय में वाहन की ईवी (इलेक्ट्रिक व्हीकल सब्सिडी हेतु आवेदक स्तर से आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण करने के साथ डीलर स्तर पर कार्रवाई के बाद कार्यालय स्तर पर ही उसका निदान होगा। उत्तर प्रदेश परिवहन आयुक्त कार्यालय से जल्दी एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) जारी करने के साथी इस व्यवस्था को लाइव किया जाएगा और समस्त डीलरो को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
