*चुन्नीगंज से कानपुर सेंट्रल तक सभी 5 स्टेशनों पर इंस्टॉल की गईं अत्याधुनिक सुरक्षा मशीनें*

 

*यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा हमारी प्राथमिकताः एमडी सुशील कुमार*

 

कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-1 (आइआईटी से नौबस्ता) के अंतर्गत मोतीझील से कानपुर सेंट्रल तक यात्री सेवाओं के विस्तार के शुभारंभ की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। इस मेट्रो सेक्शन में पड़ने वाले पांचों अंडरग्राउंड स्टेशनों (चुन्नीगंज, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा, नयागंज और कानपुर सेंट्रल) में सुरक्षा व्यवस्था को प्रॉयोरिटी कॉरिडोर (आईआईटी – मोतीझील) के तर्ज पर चाक-चौबंद कर दिया गया है। इन स्टेशनों पर एक्स रे बैगेज इंस्पेक्शन सिस्टम (एक्सबीआईएस), डूर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी), हैंड हेल्ड स्कैनर आदि आधुनिक सुरक्षा उपकरण इंस्टॉल कर दिए गए हैं। इसके साथ ही इन स्टेशनों पर सुरक्षा गार्ड्स भी तैनात कर दिए गए हैं। विदित हो कि कानपुर मेट्रो परिसर के सुरक्षा की जिम्मेदारी यूपीएसएसएफ और निजी सुरक्षा कंपनी के जवान मिलकर उठाते हैं। सुरक्षा की दृष्टि किए गए इन एहतियातों के अलावा सभी मेट्रो स्टेशनों पर वीडियो एनालिटिक्स तकनीक से लैस सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

 

स्टेशनों पर लगाए गए ये इंटेलिजेंट सीसीटीवी कैमरे परिसर में देर तक पड़ी हुई लावारिस वस्तु के बारे में स्क्रीन पर सूचित करते हैं। स्टेशनों के आउटडोर या बाहर की ओर इन्फ़्रारेड तकनीक से लैस सीसीटीवी कैमरे भी इंस्टॉल किए गए हैं। इनकी मदद से रात में या कम रोशनी में भी क्लियर फुटेज मिलती है। वाइड एंगल फुटेज के लिए डोम कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे पूरे स्टेशन पर एक साथ नजर रखी जा सकती है। स्टेशन और ट्रेन के अंदर निगरानी के लिए बॉक्स कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा क्रिटिकल प्वाइंट्स पर रिमोट की मदद से 360 डिग्री रोटेट और जूम होने वाले अत्याधुनिक पैन-टिल्ट-जूम कैमरे भी लगाए गए हैं। इन कैमरों का रियल टाइम फुटेज सीधे सभी स्टेशनों के कंट्रोल रूम, ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर और मेट्रो डिपो स्थित सेंट्रल सिक्यॉरिटी रूम में प्रसारित होता है। कानपुर मेट्रो के सभी अंडरग्राउंड स्टेशनों में औसतन 40-45 और मेट्रो ट्रेन में लगभग 12 सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल किए गए हैं।

 

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने कहा कि, ‘‘मेट्रो स्टेशनों के निर्माण में सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम को इस प्रकार इंस्टॉल किया गया है कि कहीं कोई डार्क स्पॉट ना हो। स्टेशनों पर महिला यात्रियों की सुरक्षा और सहूलियत के मद्देनजर महिला सुरक्षाकर्मी और महिला हाउसकीपिंग स्टाफ की मौजूदगी भी सुनिश्चित की गई है। हमने सभी स्टेशनों के कॉनकोर्स को इस ढंग से डिजाइन किया है कि उसका कोई भी छोर यात्री की निगाह से अछूता ना रहे। लिफ्ट, स्टेशन कंट्रोल रूम और टिकट काउंटर आदि के निर्माण में पारदर्शी ग्लास का प्रयोग किया गया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *