पुलिस की तत्परता से 9 वर्षीय बच्ची सकुशल बरामद।
कानपुर के बदशाहीनाका थाना क्षेत्र के कुलीबाजार की एक 9 वर्षीय बच्ची हबीबा के लापता होने के चंद घंटों के अंदर ही पुलिस ने उसे सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से बच्ची के परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने पुलिस की सराहना की।
बुधवार रात करीब 8 बजे 9 वर्षीय हबीबा घर से निकली थी, जब हबीबा काफी समय बीत जाने के बाद घर वापस नहीं लौटी। तो परिजनों ने उसे आस-पास ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। चिंता बढ़ने पर परिजनों ने बदशाहीनाका थाने में बच्ची के अपहरण की आशंका में बीएनएस की धारा 137(2) के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई।
थाना प्रभारी राजीव सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत दरोगा रविशंकर, धर्मेंद्र, संदीप कुमार व दरोगा हेमन्त की टीम को बच्ची की तलाश में लगाया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आस-पास के लोगों से पूछताछ की। लगातार खोजबीन के बाद, पुलिस टीम को सफलता मिली और हबीबा को कुछ ही घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया।
बच्ची को सकुशल पाकर उसके परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने पुलिस की तत्परता और कार्यकुशलता की प्रशंसा की। दरोगा रविशंकर ने बताया कि बच्ची को सकुशल बरामद करना पुलिस का कर्तव्य है और हमें खुशी है कि हम समय रहते बच्ची को उसके परिवार से मिला पाए। उन्होंने आगे कहा कि बच्चों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और हम इस दिशा में लगातार प्रयास करते रहेंगे।
वही बच्ची ने बताया कि वह नाराज होकर घर से चली गई थी।
