कानपुर
आक्रांताओं को आदर्श मानने वाले इंडोनेशिया के राष्ट्रपति का बयान याद करें’, औरंगजेब विवाद के बीच CM योगी की खरी-खरी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐतिहासिक और पौराणिक नगरी बिठूर से उन लोगों पर जमकर हमला बोला, जो इस समय औरंगजेब के समर्थक बने हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्रांति की धरा बिठूर से बोलते हुए औरंगजेब का नाम तो नहीं लिया लेकिन यह जरूर कहा कि भारत में ऐसे लोगों की कोई जगह नहीं हो सकती, जो आक्रांता थे, जिन्होंने भारत की आस्था पर प्रहार किया, बहन बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ करने के साथ धार्मिक स्थलों को नष्ट किया. सीएम योगी ने दो टूक कहा कि आक्रांताओं को जो लोग अपना आदर्श मानते हैं, उन्हें अपने वजूद पर थोड़ी भी शर्म महसूस होती हो तो वह इंडोनेशिया के राष्ट्रपति का वह बयान देख लें, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर हमारा डीएनए जांचा जाएगा, तो वह भारतीय ही निकलेगा. सीएम योगी ने कहा कि इंडोनेशिया दुनिया का सबसे बड़ा मुस्लिम बाहुल्य देश है.इससे पहले बिठूर महोत्सव में पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ मराठा रंग में नजर आए. यहां पर नानाराव पेशवा, तात्या टोपे को नमन करने के बाद मंच पर जब वह आए तो मराठा कैप को सिर पर धारण किया. सीएम योगी ने इस दौरान नानाराव पेशवा, तात्याटोपे, महारानी लक्ष्मी बाई को याद किया. नानाराव पेशवा के साथ भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव को जहां नमन किया, वहीं डॉ राम मनोहर लोहिया की जयंती पर उन्हें भी नमन किया. बिठूर की ऐतिहासिकता और पौराणिकता का बखान करने के साथ उन्होंने कहा कि यह प्राचीन काल से ही भारत की आध्यात्मिक धरोहर की धरती रही है.सीएम योगी ने यहां पर महाकुंभ का जिक्र करते हुए कहा कि 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने यहां पर आस्था की डुबकी लगाई. पीएम मोदी के मार्गदर्शन में पूरे आयोजन ने सफलता की नई ऊंचाईयों को प्राप्त किया. उन्होंने कहा कि यह आयोजन तब तक सफल नहीं होता, जब तक गंगा अविरल और निर्मल नहीं होती. 2019 के पहले सीसामऊ नाला के जरिए गंगा में चार करोड़ लीटर सीवर गिरता था लेकिन नमामि गंगे परियोजना के जरिए अब सीसामऊ नाला सीवेज नहीं बल्कि सेल्फी प्वॉइंट बन गया है. उन्होंने कहा कि गंगा के लिए 1986 में गंगा एक्शन प्लान बना लेकिन उसके बाद गंगा और ज्यादा प्रदूषित हो गई. गंगा में जलीय जीव नष्ट हो गए लेकिन गंगा न सिर्फ अविरल और निर्मल हो गईं बल्कि उसमें डॉल्फिन समेत अन्य जलीय जीव भी देखे जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि महाकुंंभ की सफलता का जो बुनियादी आधार है, उसमें कानपुर का भी योगदान है.
उद्योगों को पुर्नजीवित कर इनोवेशन का हब बना कानपुर
सीएम योगी ने कानपुर में कराए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां पर डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरीडोर बन गया. अगले तीन महीने में रेडीमेड गारमेंट और होजरी उद्योग को बढ़ावा देने के लिए फ्लैटेड फैक्ट्री भी तैयार हो जाएगी. कनेक्टिविटी के लिए आउटर रिंग रोड, लखनऊ कानपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेव वे, गंगा एक्सप्रेस वे का निर्माण हो रहा है. नए इंफ्रास्ट्रक्चर का कानपुर में निर्माण हो रहा है. अगले कुछ समय में मेट्रो के दूसरे कॉरीडोर की शुरूआत होने वाली है. कानपुर स्मार्ट के साथ मेट्रो सिटी बन चुका है. उन्होंने कहा कि कानपुर अब उद्योगों को पुर्नजीवित करने वाले शहर के साथ इनोवेशन का हब बन गया है।ब्रह्मावर्त कॉरीडोर पर मिला सकारात्मक आश्वासन
बिठूर महोत्सव के दौरान विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने ब्रह्मावर्त कॉरीडोर बनाने की मांग की. इस पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कानपुर के विकास की ढेर सारी योजनाएं लेकर चल रहे हैं. वृहद योजना के साथ कार्यवाही को आगे बढ़ायास जा रहा है. उन्होंने ब्रह्मावर्त कॉरीडोर का जिक्र करते हुए कहा कि बिठूर को उसका गौरव प्राप्त होना चाहिए, सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी.
