कानपुर; दिनांकः 29.03.2025

*कानपुर मेट्रोः कॉरिडोर-2 अंडरग्राउंड सेक्शन के अंतर्गत रावतपुर से काकादेव स्टेशन तक ‘अप-लाइन‘ में आरंभ हुआ टनल निर्माण*

 

*रावतपुर स्थित लॉन्चिंग शाफ्ट से सातवें टीबीएम मशीन ‘पार्वती‘ को टनल निर्माण के लिए किया गया लॉन्च*

 

कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के अंतर्गत कॉरिडोर-2 (सीएसए से बर्रा-8) के अंडरग्राउंड सेक्शन में आज रावतपुर स्थित लॉन्चिंग शाफ्ट से सातवें टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम मशीन) ‘पार्वती‘ को लॉन्च कर दिया गया। यह मशीन ‘अप-लाइन’ पर पहले रावतपुर से काकादेव स्टेशन तक और फिर काकादेव से डबल पुलिया स्टेशन तक टनल का निर्माण करेगी। इससे पहले रावतपुर से कंपनी बाग चौराहे तक लगभग 620 मीटर लंबे स्ट्रेच पर ‘गोमती‘ टीबीएम मशीन द्वारा ‘अप-लाइन टनल’ का निर्माण पूरा किया जा चुका है और ‘सरस्वती‘ टीबीएम मशीन द्वारा ‘डाउनलाइन टनल’ निर्माण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।

 

‘पार्वती‘ टीबीएम मशीन संपूर्ण परियोजना की सातवीं (कॉरिडोर-2 की तीसरी) टीबीएम मशीन है। रावतपुर स्थित लॉन्चिंग शाफ्ट, जहां से यह मशीन लॉन्च की गई है, वह वर्तमान रावतपुर एलिवेटेड स्टेशन से जुड़कर कॉरिडोर-2 के अंतर्गत बन रहे नए रावतपुर अंडरग्राउंड स्टेशन का हिस्सा है। इस अंडरग्राउंड स्टेशन के निर्माण स्थल पर कुछ दिनों पहले ही ’पार्वती’ टीबीएम मशीन के सभी हिस्सों को लगभग 15 मीटर गहरे लॉन्चिंग शाफ्ट में लोअर या जमीन के नीचे उतारने की प्रक्रिया पूरी की गई थी। इसके बाद मशीन के सभी भागों और घटकों के असेंबलिंग की प्रक्रिया पूरी की गई। यूपीएमआरसी व कांट्रैक्टिंग एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में इस मशीन को लॉन्च कर दिया गया। मशीन ने आरंभ में 7 रिंग्स वाले रिएक्शन फ्रेम का निर्माण पूरा किया, जिसके बाद आज शाम से स्थायी रिंग्स लगाने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई।

 

यह मशीन ‘अप-लाइन‘ पर रावतपुर से काकादेव स्टेशन तक लगभग 780 मीटर लंबे टनल का निर्माण करेगी। काकादेव स्टेशन पहुंचने पर मशीन को ‘ड्रैगिंग प्रणाली‘ की मदद से एक सिरे से दूसरे तक ‘ड्रैग‘ किया जाएगा। उसके बाद यह मशीन ‘अप-लाइन‘ पर आगे डबल पुलिया स्टेशन तक लगभग 1020 मीटर टनल का निर्माण करेगी। रावतपुर से डबल पुलिया स्टेशन तक ‘डाउनलाइन‘ पर टनल निर्माण के लिए ‘गोमती‘ टीबीएम मशीन का प्रयोग किया जाएगा।

 

बता दें कि लगभग 8.60 किमी लंबे कॉरिडोर-2 (सीएसए से बर्रा-8) के अंतर्गत लगभग 4.10 किमी लंबे अंडरग्राउंड और लगभग 4.50 किमी लंबे एलिवेटेड सेक्शन का निर्माण किया जा रहा है। पहला स्टेशन सीएसए या कृषि विश्वविद्यालय जहां एलिवेटेड है वहीं उसके बाद पड़ने वाले तीन स्टेशन; रावतपुर, काकादेव व डबल पुलिया अंडरग्राउंड हैं। डबल पुलिया के बाद पड़ने वाले चार स्टेशन; विजयनगर चौराहा, शास्त्री चौक, बर्रा-7 और बर्रा-8, एलिवेटेड हैं।

 

इस अवसर पर यूपीएमआरसी की पूरी टीम को बधाई देते हुए प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने कहा, “कॉरिडोर-1 के बैलेंस सेक्शन के साथ-साथ कॉरिडोर-2 के सिविल निर्माण कार्य में भी तेजी से प्रगति हो रही है। टनल बोरिंग मशीन, टनल निर्माण का सबसे प्रभावी और सुरक्षित माध्यम है। ‘अर्थ प्रेशर बैलेंस’ प्रणाली के तहत काम करने वाली इन मशीनों के माध्यम से हम शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में भी यातायात को प्रभावित किए बिना, पूरी सुरक्षा के साथ भूमिगत टनल का निर्माण कर पाने में सक्षम हैं। निकट भविष्य में रेलवे लाइन के दोनों तरफ के लोग कॉरिडोर-2 के सुविधापूर्ण मार्ग के खुल जाने से निर्बाध आवागमन का लाभ उठा सकेंगे।‘‘

 

बता दें कि लगभग 24 किमी लंबे कॉरिडोर-1 (आईआईटी-नौबस्ता) के अंतर्गत कानपुर मेट्रो की यात्री सेवाएं 9 किमी लंबे प्रॉयरिटी कॉरिडोर (आईआईटी-मोतीझील) पर चल रहीं हैं। कॉरिडोर-1 के चुन्नीगंज से लेकर नौबस्ता तक बैलेंस सेक्शन और लगभग 8.60 किमी लंबे कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा 8) का सिविल निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। कॉरिडोर-1 के अंतर्गत जल्द ही मोतीझील से कानपुर सेंट्रल तक यात्री सेवाओं का विस्तार करने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *