अफसरों को नहीं लगी भनक और फर्रुखाबाद का हवाई दौरा कर गए सीएम

अफसरों को नहीं लगी भनक और फर्रुखाबाद का हवाई दौरा कर गए सीएम, बाढ़ की स्थिति का लिया जायजा
Thu, 02 Sep 2021
फर्रुखाबाद के अलीगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के त्रयोदशी संस्कार में शामिल होकर लखनऊ लौट रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फर्रुखाबाद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का भी चुपके से जायजा ले गए। निरीक्षण के दौरान काफी नीचे उड़ते हेलीकाप्टर को देखकर गंगा के पांचाल घाट पुल पर लोगों की भीड़ लग गई। मुख्यमंत्री की विशिष्ट वेशभूषा से पहचान कर लोग खुशी से हाथ हिलाने लगे।

बुधवार शाम करीब चार बजे हेलीकाप्टर को नीचे उड़ते देख गंगा के पांचाल घाट पुल पर लोगों की भीड़ लग गई। हेलीकाप्टर करीब तीन मिनट तक पांचाल घाट क्षेत्र में ही मंडराता रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनकी विशिष्ट वेशभूषा से पहचानने के बाद लोग नीचे से ही शोर मचाते हुए हाथ हिलाकर उनका अभिवादन करने लगे। पांचाल घाट निवासी दुकानदार अमित कुमार ने बताया कि हेलीकाप्टर बहुत नीचे आ गया था। उसमें भगवा कपड़े पहने व्यक्ति बैठे दिखे थे। वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसे लग रहे थे।

हालांकि, कुछ मिनट बाद ही हेलीकाप्टर निकल गया। उधर, पुल पर भीड़ की सूचना मिलते ही पांचाल घाट के सिपाही भी पहुंच गए। हालांकि, तब तक हेलीकाप्टर ऊंचाई पर जाकर लखनऊ की ओर बढ़ गया। जिले के अधिकारी इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं।

वहीं, पांचाल घाट पुलिस चौकी प्रभारी हरिओम प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि एक हेलीकाप्टर शाम को गुजरा था, लेकिन उसमें मुख्यमंत्री थे या नहीं। इसकी जानकारी नहीं है। एडीएम विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण करने की जानकारी नहीं है। ऐसी कोई सूचना शासन से भी नहीं दी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *