औरैया में DFC के रेलवे फाटक की आटोमेटिक प्रणाली में खामी से थमी ट्रेनों की रफ्तार, सड़क मार्ग भी प्रभावित
Wed, 01 Sep 2021
नई दिल्ली-हावड़ा रेल रूट और उसके बगल से गुजरे माल ढुलाई गलियारे डेडीकेटेड फ्रेट कारिडोर(डीएफसी) के कंचौसी रेलवे फाटक की आटोमेटिक प्रणाली में बुधवार सुबह 10 बजे आई खामी से ट्रेनों की रफ्तार थम गई। फाटक को मैनुअल तौर पर संचालित कर ट्रेनों व मालगाडिय़ों को धीमी गति से गुजारा गया। दो घंटे बाद दोपहर 12 बजे अंडर ग्राउंड केबल को दुरुस्त करने के बाद समस्या दूर हो सकी।
रसूलाबाद और कंचौसी को जोडऩे वाले लहरापुर मार्ग पर स्थित कंचौसी रेलवे फाटक पर डीएफसी और दिल्ली-हावड़ा रेल रूट दोनों अगल-बगल से गुजरे हैं। बुधवार सुबह 10 बजे अचानक डीएफसी छोर में क्रासिंग के फाटक में आटोमेटिक प्रणाली में तकनीकी खामी से वह बंद नहीं हो सका। अप और डाउन ट्रैक से निकली
मालगाडिय़ों को मैनुअल इंतजाम कराकर धीमी गति में गुजारा गया। वहीं, नई दिल्ली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस, जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस ,आगरा फोर्ट-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस, टुंडला- कानपुर मेमू ट्रेन भी काशन देकर 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से निकाली गईं। क्रासिंग खुलने व बंद होने के मैनुअल इंतजाम के कारण कई बार सड़क मार्ग पर जाम की स्थिति बनी। परजनी, बिझाई, सूखमपुर की ओर जाने वाले वाहन सवार ज्यादा परेशान हुए। गेटमैन शैलेंद्र कुमार व मनेंद्र कुमार ने बताया कि रेलवे फाटक में तकनीकी खामी से दिक्कत आई। कंचौसी रेलवे स्टेशन अधीक्षक विशंभर दयाल पांडेय ने बताया कि तकनीकी टीम को सूचना देकर खामी दूर कराई गई। काशन देकर ट्रेनें व मालगाडिय़ां गुजारे जाने से कोई खास असर नहीं पड़ा। दोपहर 12 बजे तक सब कुछ सामान्य कर लिया गया।
