कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन कानपुर में पुलिस से तीखी झड़प
कानपुर नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से पूछताछ के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किया। इस क्रम में कानपुर में भी महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला।
तिलक हाल से सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक जुलूस निकाला और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़कों पर उतरे। जुलूस जैसे ही शहर की मुख्य सड़कों पर पहुंचा, पुलिस ने ट्रैफिक बाधित होने की आशंका के चलते उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई।
स्थिति उस वक्त और तनावपूर्ण हो गई जब कांग्रेस कार्यकर्ता कोतवाली थाने पहुंच गए और वहीं धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने एक पूर्व विधायक के साथ अभद्र व्यवहार किया है, जिससे कार्यकर्ता आक्रोशित हो उठे।
इस संबंध में कोतवाली एसीपी आशुतोष ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस को इस विरोध प्रदर्शन की कोई अनुमति नहीं दी गई थी। उन्होंने कहा, “जब प्रदर्शनकारियों को रोका गया तो वे थाने में ही नारेबाजी करने लगे। दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रख रहे थे, लेकिन पुलिस की ओर से की गई सख्ती और दुर्व्यवहार ने स्थिति को बिगाड़ा। फिलहाल, मौके पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है
