*आईआईटी छात्रा यौन शोषण मामले में निलंबित एसीपी मोहसिन खान को झटका, आईआईटी ने पीएचडी प्रोग्राम से किया निष्कासित*

 

एंकर : आईआईटी कानपुर की एक पीएचडी छात्रा के साथ यौन शोषण के मामले में निलंबित सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) मोहसिन खान की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। आईआईटी कानपुर ने उनके पीएचडी प्रोग्राम को समाप्त करते हुए उन्हें संस्थान से निष्कासित कर दिया है। मोहसिन खान ने साइबर अपराध और क्रिमिनोलॉजी में पीएचडी के लिए दाखिला लिया था, लेकिन छात्रा के गंभीर आरोपों के बाद यह कार्रवाई की गई।

 

पिछले साल दिसंबर में 26 वर्षीय पीएचडी छात्रा ने मोहसिन खान पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए कल्याणपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद विशेष जांच दल (एसआईटी) की जांच में आरोपों के समर्थन में सबूत मिले, जिसके आधार पर मार्च 2025 में उत्तर प्रदेश सरकार ने मोहसिन खान को निलंबित कर दिया। अब आईआईटी कानपुर ने भी उनके शैक्षणिक कार्यक्रम को रद्द कर दिया है।

 

छात्रा ने अपनी शिकायत में कहा था कि मोहसिन ने अपनी शादीशुदा स्थिति छिपाकर उनके साथ नजदीकी बनाई और शादी का वादा किया, लेकिन बाद में सच सामने आने पर उन्हें धमकाया। इस मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने दिसंबर 2024 में उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी, जिसकी सुनवाई अभी जारी है।

 

आईआईटी के निदेशक डॉ. मनिंद्र अग्रवाल ने पुष्टि की कि मोहसिन खान का पीएचडी प्रोग्राम यूपी पुलिस मुख्यालय की सिफारिश पर समाप्त किया गया है। इस घटना ने पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही और शैक्षणिक परिसरों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *