
कानपुर 20 अप्रैल
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आगामी 24 अप्रैल को कानपुर आगमन के पूर्व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कानपुर जनपद का दौरा कर विभिन्न परियोजनाओं एवं कार्यक्रम स्थलों का गहन निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले घाटमपुर स्थित नवस्थापित पावर प्लांट का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने परियोजना की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने पनकी पावर प्लांट का भी दौरा किया और वहां की तैयारियों का जायज़ा लिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर मेट्रो का विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल महापौर प्रमिला पांडे सांसद रमेश अवस्थी देवेंद्र सिंह भोले जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह विधायक नीलिमा कटियार सुरेंद्र मैथानी महेश त्रिवेदी अरुण पाठक सलिल बिश्नोई के संग भ्रमण कर मेट्रो परियोजना की कार्यदशा की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों से विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मेट्रो की सुविधा को जनता के लिए अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 24 अप्रैल को चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय (CSA) में प्रस्तावित जनसभा के दृष्टिगत मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं अन्य प्रशासनिक तैयारियों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को सभी तैयारियों को पूर्णता की ओर ले जाने हेतु निर्देशित किया।
निरीक्षण के पश्चात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाम 4:30 बजे लखनऊ के लिए प्रस्थान किया। प्रस्थान से पूर्व क्षेत्रीय महामंत्री पूनम द्विवेदी क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, पवन प्रताप सिंह, सुनील तिवारी,आनंद राजपाल संजीव पाठक (बॉबी), मोहित सोनकर, पवन पांडे, ऋषभ शुक्ला सहित कुल 30 वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया ।
मुख्यमंत्री के इस दौरे से स्पष्ट है कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पूरी तरह सजग एवं प्रतिबद्ध है और जनसभा को ऐतिहासिक बनाने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं।
