पिछले दिनों रामबाग में इलाकाई लोगों की तरफ से लगाई गई होर्डिंग के बाद नगर निगम की टीम ने गुरूवार को नेहरू नगर में सुअरों को पकड़ने का अभियान चलाया. हालांकि, हर बार की तरह इस बार भी नगर निगम की टीम पर सुअर पालकों के साथ महिलाओं ने पथराव कर दिया. अफसरों केे साथ न केवल धक्कामुक्की और हंगामा किया गया बल्कि अपशब्द भी कहे गए. काफी देर तक हंगामे के बावजूद यहां पर दो दर्जन से अधिक सुअर पकड़े गए.
इस बीच इलाकाई महिलाओं ने बाड़े के गेट खोल दिए और एक सैकड़ा से अधिक सुअरों को मौके से भगा दिया. बताया जाता है कि यह हंगामा तब शुरू हुआ जब नगर निगम के कैटिल कैचिंग दस्ते ने यहां पर 28 सुअरों को पकड़ लिया. इस बीच यहां पर महिलाएं पहुंच गई और टीम के सामने आ गई. युवकों ने पथराव शुरू कर दिया. धक्कामुक्की कर महिलाओं ने यहां से कुछ सुअरों को भी छुड़ा लिया.
वहीं, जब बाड़े से सुअरों को यहां की गलियों में छोड़ दिया गया तो इतनी बड़ी सुअरों की फौज देखकर नगर निगम अधिकारी भी हैरान रह गए. इससे पहले जब नगर निगम की टीम बजरिया थाना पहुंचीं, तो बताया गया कि संबंधित क्षेत्र नजीराबाद थाना में आता है. जब महिलाओं ने यहां पर हंगामा शुरू किया तो प्रवर्तन प्रभारी कर्नल आलोक नरायण ने नजीराबाद थाना से महिला पुलिस की मांग की.

2021-09-02
