डेरापुर थाना क्षेत्र के रंजीतपुर गांव में एक महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस व फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल पर छानबीन की।
रंजीतपुर निवासी उदय सिंह बंजारा की 28 वर्षीय पुत्री ज्योति ने कमरे में कुंडे से धोती का फंदा बनाकर बुधवार देररात आत्म हत्या कर ली। गुरुवार सुबह देर तक दरवाजा न खुलने पर स्वजन को शक हुआ तो खिड़की से झांका तो ज्योति का शव लटकता देख होश उड़ गए। स्वजन ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को उतारा। थाना प्रभारी आलोक यादव व दस्तमपुर चौकी प्रभारी अरुण कुमार पहुंचे और स्वजन से पूछताछ की। ज्योति के पिता उदय सिंह ने बताया पुत्री का विवाह 2014 में आगरा के मंतेश के साथ हुआ था। करीब छह वर्ष पूर्व पुत्री ज्योति अपने पुत्र मनीष के साथ ससुराल से मायके रंजीतपुर आ गई तबसे ससुराल नहीं गई। मंतेश ने दूसरा विवाह कर लिया तो उन्होंने बेटी को भी दूसरा विवाह कर लेने की सलाह दी पर उसने मना कर दिया। वह तनाव में रहने लगी थी, इसके चलते ही उसने ऐसा कदम उठा लिया। डेरापुर थानाध्यक्ष ने बताया कि पिता ने तनाव में जान देने की बात कही है।
