कानपुर
कानपुर में समाजवादी पार्टी का जोरदार प्रदर्शन, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
कानपुर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर आज कानपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और समाजवादी नेताओं पर हो रहे हमलों के विरोध में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन फूलबाग स्थित गांधी प्रतिमा के सामने आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे सपा नगर अध्यक्ष फजल महमूद ने बताया कि पार्टी के महासचिव राम जी पर उनके आगरा स्थित निवास पर अराजक तत्वों द्वारा हमला किया गया, जबकि सांसद जी पर भी अलीगढ़ जाते समय पथराव किया गया। उन्होंने कहा कि यह घटनाएं साफ इशारा करती हैं कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है, इसलिए इसे तुरंत बर्खास्त किया जाए।
फजल महमूद ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द हालात नहीं सुधारे, तो समाजवादी पार्टी प्रदेश भर में आंदोलन और तेज करेगी।