*सम्पूर्ण समाधान दिवस, घाटमपुर, में 278 शिकायती प्रकरण आए*
*17 मामलों का मौके पर निस्तारण*
कानपुर नगर, 3 मई, 2025
आज तहसील घाटमपुर में जिलाधिकारी श्री जितेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न हुआ।इस अवसर पर दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता व उनकी सुविधा के दृष्टिगत विशेष पंडाल लगाकर कैम्प लगाया गया जिसमें विभिन्न प्रमाणपत्रों के आवेदन से लेकर उनके तत्काल निस्तारण की व्यवस्था की गयी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनशिकायतों की सुनवाई के अंतर्गत कुल 278 शिकायते प्राप्त हुईं जिनमें राजस्व विभाग की 117,पुलिस विभाग की 42,विकास विभाग की 33, आपूर्ति विभाग की 15 व शेष अन्य विभिन्न विभागों से सम्बंधित थीं। इनमें से राजस्व विभाग की खतौनी में नाम व अंश संशोधन,चकमार्ग को कब्जामुक्त कराने व आपूर्ति विभाग व पुलिस विभाग से जुड़ी कुल 17 शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया गया एवं शेष शिकायतों को 07 दिवस के अंदर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों को निर्देश दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थी अनीश कुमार एवं लोकेश कुमार देवनारायण बम्हौरा पोस्ट इटर्रा तहसील घाटमपुर के शिकायती पत्र में पाया गया कि उनके पुत्र नितिन कुमार एच0एल0एस0 इण्टर कालेज देवमनपुर घाटमपुर विद्यालय में पढ़ता है, जिससे एक माह की फीस 05 दिन विलम्ब होने के कारण छात्र से विलम्ब शुल्क छात्र को पीटकर वसूला गया, इस पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व जिला विद्यालय निरीक्षक को जाँचकर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
प्रार्थी ग्राम जुरैया परगना तहसील घाटमपुर के शिकायती प्रार्थना पत्र में पाया कि प्रार्थी को चकबन्दी प्रक्रिया के दौरान विभाजन में त्रुटि हो जाने के कारण अंश कम हो गया, की शिकायत पर चकबंदी अधिकारी घाटमपुर व नायब तहसीलदार को निर्देश दिये कि संयुक्त टीम द्वारा दिनांक 05 मई, 2025 को निराकरण कराकर आख्या दें। प्रार्थी रघुनाथ ग्राम गड़रियनपुर विकास खण्ड पतारा के शिकायती पत्र में पाया गया कि प्रार्थी का नया दिव्यांग प्रमाण पत्र काशीराम रामादेवी कानपुर द्वारा 40 प्रतिशत की जगह 20 प्रतिशत बनाया गया है जिस पर जिलाधिकारी द्वारा संज्ञान लेते हुये मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा मौके पर ही दिव्यांग टीम द्वारा जांच कराते हुये लाभार्थी के नये कार्ड में दिव्यांग प्रतिशत ठीक करा दिया गया।
प्रार्थी संतकुमार पुत्र शिवकुमार शर्मा निवासी मोहल्ला कृष्णा नगर कस्बा घाटमपुर के शिकायती प्रार्थना पत्र में पुत्री के जन्म प्रमाण पत्र बनने के सम्बन्ध में ई0ओ0 घाटमपुर को जांच कर आख्या देने के निर्देश दिये।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी के अतिरिक्त मुख्य विकास अधिकारी कानपुर नगर,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी ,उपजिलाधिकारी घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह,उपायुक्त पुलिस दक्षिणी दीपेंद्र नाथ चौधरी, सहायक पुलिस आयुक्त घाटमपुर रंजीत कुमार सहित अन्य सम्बंधित जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहें।
