कानपुर
सेना का मजाक उड़ाने के मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ कोर्ट में परिवाद दाखिल, 16 मई को रिपोर्ट तलब
कानपुर। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ सेना का मजाक उड़ाने के मामले में कानपुर नगर की सीजीएम कोर्ट में एक परिवाद दाखिल किया गया है। यह परिवाद रामनारायण सिंह नामक व्यक्ति द्वारा अधिवक्ता संजय मिश्रा के माध्यम से दायर किया गया है।
परिवाद के अनुसार, अजय राय ने हाल ही में दस रुपये का एक खिलौना खरीद कर उस पर नींबू-मिर्ची लटकाई और उसे सेना से जोड़ते हुए टिप्पणी की, जिससे सेना का मखौल उड़ाया गया। वादी रामनारायण का कहना है कि इससे वे बेहद आहत हुए हैं, क्योंकि ऐसे समय में जब देश में युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है, सेना का मनोबल गिराना अनुचित है।
कोर्ट ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए कानपुर कोतवाली पुलिस से 16 मई 2025 तक रिपोर्ट तलब की है और साक्ष्य प्रस्तुत कर आगे की कार्यवाही करने को कहा है।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले कानपुर आगमन के दौरान अजय राय ने बयान दिया था कि उनका उद्देश्य सरकार को यह याद दिलाना था कि देश के पास राफेल जैसे उन्नत विमान हैं, जिनका प्रयोग होना चाहिए। राय ने यह भी कहा कि उनके बयान के बाद ही सरकार ने राफेल विमानों का उपयोग कर पाकिस्तान को जवाब दिया।
