कानपुर 15 मई,

पुण्यश्लोक माता अहिल्याबाई होल्कर त्रिशताब्दी वर्ष पर जनजागरण अभियान: 21 से 31 मई तक होंगे विविध कार्यक्रम

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर पुण्यश्लोक माता अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 21 मई से 31 मई, 2025 तक एक विशेष जनजागरण अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य माता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन दर्शन, उनके सामाजिक कार्यों, एवं भारतीय संस्कृति में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है।

उक्त जानकारी भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के मीडिया प्रभारी श्री अनूप अवस्थी ने दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान की योजना को लेकर एक बैठक क्षेत्रीय कार्यालय, नौबस्ता में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष *प्रकाश पाल* ने की।

कार्यक्रमों की रूपरेखा इस प्रकार है

17–18 मई जिला स्तरीय बैठकें आयोजित होंगी, जिनमें अभियान की तैयारियों पर चर्चा होगी।

19–20 मई महिला सशक्तिकरण दौड़ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महिला इंटर कॉलेज एवं महाविद्यालयों की छात्राएं भाग लेंगी।

21–22 मई जिला संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें माता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन दर्शन एवं भारतीय संस्कृति में उनके योगदान पर विस्तृत चर्चा होगी। इन संगोष्ठियों में प्रदेश सरकार के मंत्रीगण एवं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे।

23–24 मई सभी जिलों के प्रमुख घाटों एवं नदियों पर साज-सज्जा एवं आरती कार्यक्रम संपन्न होंगे।

25 मई अहिल्याबाई होल्कर के जीवन एवं कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन सभी जिलों में किया जाएगा।

26–28 मई पंचायत प्रतिनिधि जिला सम्मेलन आयोजित होंगे।

29–30 मई नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायत स्तर पर महिला सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनका मुख्य विषय महिला सशक्तिकरण होगा।

31 मई अहिल्याबाई होल्कर की जन्म त्रिशताब्दी के पावन अवसर पर श्रद्धांजलि सभाएं सभी जिलों में आयोजित की जाएंगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

इन सभी कार्यक्रमों को सुनियोजित एवं सफल बनाने हेतु एक क्षेत्रीय टोली का गठन प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार किया गया है, जिसमें क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनिल यादव, क्षेत्रीय मंत्री पवन प्रताप सिंह एवं अरुण पाल, क्षेत्रीय महिला मोर्चा महामंत्री श्रीमती पुष्पा तिवारी शामिल रहेंगी।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *