राष्ट्र प्रेम की भावना से ओतप्रोत शहर वासियों ने निकाली तिरंगा यात्रा
“यह देश है वीर जवानों का” की धुन पर राष्ट्र प्रेम की भावना से ओतप्रोत शहर वासियों ने एकजुट होकर जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा मारे गए शहीद शुभम द्विवेदी के श्याम नगर स्थित आवास से विश्व को राष्ट्रीय एकता और भारतीय ताकत का कड़ा संदेश दिया। बता दिया कि भाषा, बोली, जात-पात से ऊपर उनके लिए राष्ट्र और राष्ट्र प्रेम है।
भारत और पाकिस्तान के बीच हाल के तनाव में भारतीय सेना की शौर्य पूर्ण सफलता का उत्सव मनाने के लिए श्याम नगर में शहीद शुभम द्विवेदी के घर से गुरुवार को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक संस्था की ओर से विशाल “भारत शौर्य तिरंगा यात्रा” का आयोजन किया गया।
शुभम द्विवेदी की पत्नी एशन्या ने बहुत ही भावुक होकर अपने दिवंगत पति शुभम द्विवेदी के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया । पत्नी एशन्या ने तिरंगा झंडा दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
तिरंगा यात्रा ने देश की एकता और सुरक्षा के प्रति नागरिकों की प्रतिबद्धता को दर्शाया, इसमें बच्चे, बूढ़े और महिलाएं सभी शामिल थे। शहरवासियों ने भारतीय सेना और सरकार के समर्थन में जोशीला प्रदर्शन किया।
भाजपा उत्तर जिला ने मोतीझील कारगिल पार्क से यात्रा को लेकर श्याम नगर में अपनी यात्रा में शामिल हुई।
शाम 6 बजे शुभम द्विवेदी के घर से यात्रा आरंभ हुई जो छप्पन भोग चौराहा, मनोज इंटरनेशनल, रेलवे स्टेशन रेल बाजार रोड, मरे कंपनी पुल, होटल पंडित उपवन, माल रोड, नरोना चौराहा से फूलबाग चौराहा होते हुए नाना राव पार्क तक गई। इस दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के गगनचुंबी नारों से पूरा वातावरण गूंज रहा था। पांच किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा का दो दर्जन से अधिक जगहों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। यात्रा में कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका के पोस्टर एवं फूल- मालाओं से सजाया गया रथ आगे आगे चल रहा था। रथ पर सत्यदेव पचौरी, महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक महेश त्रिवेदी, सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार, सलिल विश्नोई, अरुण पाठक,स्वप्निल वरुण , रघुनंदन भदौरिया, करन महाना, सवार थे।
शुभम द्विवेदी की पत्नी एशन्या , पिता संजय द्विवेदी, मां सीमा द्विवेदी,बहन आरती द्विवेदी, चाचा मनोज द्विवेदी एक कार से साथ साथ चल रहे थे।
इस मौके पर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि यह यात्रा न केवल हमारी सेना के शौर्य को सम्मानित करने का अवसर है बल्कि यह भी दर्शाती है कि भारत का हर नागरिक राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एकजुट है। “भारत शौर्य तिरंगा यात्रा” से कानपुर के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद पर प्रहार कर भरपूर समर्थन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस बात का ऐलान कर दिया है कि अब पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी आतंकी गतिविधि की श्रेणी में आएगी और भारत उसका मुंहतोड़ जवाब देगा।
क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि हमारी सेना ने दिखा दिया है कि भारत अब चुप नहीं रहेगा। यह तिरंगा यात्रा हर भारतीय के दिल में देशभक्ति की भावना का जोश भरेगी, राष्ट्र के प्रति सर्वस्व निछावर करने का भाव भरेगी। हमारी सेना और सरकार के समर्थन में नागरिकों की एकजुटता का यह संगम देश को और मजबूत बनाएगा।
यात्रा की अगुवाई जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह एवं उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दिक्षित ने की।
यात्रा में विभिन्न व्यापारी संगठनों के कार्यकर्ता, पूर्व सैनिक, साधु- संत, धर्माचार्य, अधिवक्ता संघ और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि- कार्यकर्ता, सिविल डिफेंस के कार्यकर्ता आदि शामिल रहे। इस आयोजन ने पूरे शहर में एक सकारात्मक संदेश प्रसारित किया। इंटरनेट मीडिया पर तिरंगा यात्रा और ऑपरेशन सिंदूर ट्रेड करते रहे। यात्रा में शामिल लोगों ने यात्रा की तस्वीरें,वीडियो और सेल्फी साझा किये। यह यात्रा न केवल भारतीय सेना के प्रति सम्मान का प्रतीक बनी बल्कि इसने यह भी साबित किया कि भारत का हर नागरिक देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए एकजुट है।
प्रमुख रूप से पूनम द्विवेदी, अनीता गुप्ता, जसविंदर सिंह, संतोष शुक्ला, सुनील जायसवाल, अनूप अवस्थी, मनीष त्रिपाठी,अनुराग शर्मा, आदि मौजूद रहे।