कानपुर
कानपुर वर्षों से बकाया वेतन, बोनस और लीव इनकैशमेंट का इंतजार कर रहे लाल इमली मिल के 650 श्रमिकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने श्रमिकों के हित में 87.40 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है, जिससे 36 महीनों का बकाया वेतन, सात वर्षों का बोनस और वर्ष 2012 से लंबित लीव इनकैशमेंट का भुगतान किया जाएगा। यह राशि सीधे श्रमिकों के खातों में स्थानांतरित की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी सांसद रमेश अवस्थी ने दी। उन्होंने बताया कि यह सफलता केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। 29 अगस्त 2024 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लाल इमली मिल के पुनरुद्धार की घोषणा के बाद इस दिशा में तेज़ी से कार्य शुरू किया गया था। इसके तहत केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह से नई दिल्ली में भेंट कर श्रमिकों की समस्याएं विस्तार से रखी गईं और संसद में भी इस मुद्दे को बार-बार उठाया गया।
इस निर्णय पर लाल इमली कर्मचारी संघ ने खुशी जताई है। संघ के अध्यक्ष ने कहा, “यह फैसला हमारे संघर्ष और एकता की जीत है। वर्षों से बकाया वेतन के कारण श्रमिकों को गंभीर आर्थिक संकटों का सामना करना पड़ रहा था। अब उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। हम सांसद रमेश अवस्थी के प्रयासों की सराहना करते हैं, जिन्होंने श्रमिकों की आवाज को संसद और मंत्रालय तक पहुंचाया।