श्री भूपेंद्र चौधरी (प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश)**
आज कानपुर प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेंद्र चौधरी ने भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय मेंआज एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आगामी कानपुर दौरे सहित अनेक विषयों पर पार्टी का पक्ष रखा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का पूर्व में 22 अप्रैल को प्रस्तावित कानपुर दौरा, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना के चलते स्थगित किया गया था। अब यह दौरा 30 मई को संपन्न होगा।
श्री चौधरी ने कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार कानपुर आ रहे हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर उनके भव्य स्वागत की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं। इस दौरे से कानपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों को भी व्यापक लाभ मिलेगा।”
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री इस अवसर पर करीब **22,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात** उत्तर प्रदेश को देंगे, जिससे राज्य के बुनियादी ढांचे, उद्योग और जनसेवा क्षेत्रों में एक नई ऊर्जा का संचार होगा।
**सेना के ऑपरेशन सिंदूर** की चर्चा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “इस ऑपरेशन के जरिए हमारी सेना ने भारत का मान, सम्मान और स्वाभिमान बढ़ाया है। प्रधानमंत्री मोदी जी के संकल्प को देश की सेना ने अपने दायित्व के रूप में लिया और पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। मोदी जी के नेतृत्व में देश एकजुट होकर खड़ा दिखाई देता है।”
**राजनीतिक हमलों** पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री चौधरी ने कहा, “सपा प्रमुख द्वारा भाजपा नेताओं पर व्यक्तिगत टिप्पणियाँ करना उनके राजनीतिक संस्कारों को दर्शाता है। जब हम सपा के ‘राजनीतिक डीएनए’ की बात करते हैं, तो हमारा आशय दंगा, अराजकता और लूट की संस्कृति से होता है। सपा प्रमुख द्वारा उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक पर की गई व्यक्तिगत टिप्पणी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और यही उनका असली डीएनए है।”
**भाजपा द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियानों** पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि, “भाजपा प्रदेश भर में **तिरंगा यात्रा** का आयोजन कर रही है जिसमें भारी संख्या में आम जनता की भागीदारी देखी जा रही है। इसके साथ ही 21 मई से 31 मई तक **लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर त्रिशताब्दी वर्ष अभियान** पूरे प्रदेश में उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है।”
**बलिया घटना** पर पूछे गए सवाल का उत्तर देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति को निष्कासित कर दिया है। गोंडा जिला अध्यक्ष को नोटिस जारी किया गया है और उनसे सात दिन के भीतर जवाब मांगा गया है।
**पंचायत चुनावों** को लेकर पूछे गए सवाल पर श्री चौधरी ने कहा, “भाजपा पंचायत चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है। सहयोगी दलों से वार्ता की प्रक्रिया भी जल्द पूर्ण कर ली जाएगी। जैसे ही आचार संहिता लागू होगी, प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। भाजपा जनता के बीच जाएगी और उनके आशीर्वाद से जीत हासिल करेगी।”
अंत में श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री का दौरा प्रदेश के लिए गौरव की बात है और यह अवसर राज्य के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
प्रेस वार्ता में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित शिवराम सिंह उपेंद्र पासवान सहित जनप्रतिनिधि गण उपस्थित रहे ।
प्रेस वार्ता का संचालन अनूप अवस्थी ने किया।