कानपुर; दिनांक- 28.05.2025
*पहलः कानपुर मेट्रो स्टेशनों पर महिला यात्रियों के लिए पिंक फीडर सेवाओं की होगी शुरूआत*
*स्टेशनों से गंतव्य तक ले जाने के लिए अजिगो के सहयोग से चलेंगी पिंक फीडर सेवाएं*
महिला यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) कानपुर मेट्रो स्टेशनों पर एक नई पहल करने जा रहा है। इसके तहत जल्द ही मेट्रो स्टेशनों से पिंक फीडर सेवाओं का शुभारंभ किया जाएगा। ये पिंक फीडर सेवाएं; ई-रिक्शा और ई-ऑटो, मेट्रो स्टेशनों से महिला यात्रियों के आने-जाने के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती परिवहन सुविधायें उपलब्ध कराएंगी।
कानपुर मेट्रो से यात्रा करने वाली महिला यात्रियों को अब स्टेशन से अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। वे निश्चिंत होकर कानपुर मेट्रो के पिंक फीडर सेवाओं की मदद से किसी भी मेट्रो स्टेशन से अपने घर तक के लिए ई-रिक्शा या ई-ऑटो बुक कर सकेंगी। कानपुर मेट्रो की पिंक फीडर सेवाओं की सबसे विशेष बात यह है कि इसके तहत वाहनों की चालक/कैप्टन भी महिलाएं ही होंगी। आरंभ में ये सेवाएं अजीगो (ई-रिक्शा, ई-ऑटो) राइड शेयरिंग ऐप के सहयोग से चलाई जाएंगी, जिसमें आगे और भी कंपनियां जुड़ सकती हैं।
*यात्रियों के लिए लाभ*
कानपुर मेट्रो की पिंक फीडर सेवाओं का सबसे बड़ा लाभ सुरक्षा से जुड़ा है। इन्हें राइड शेयरिंग ऐप से सत्यापित की गई महिला चालकों द्वारा चलाया जाएगा। राइड शेयरिंग ऐप में जीपीएस ट्रैकिंग, रियल-टाइम लोकेशन व एसओएस बटन जैसे सेफ्टी फीचर्स उपलब्ध होंगे। इन सेवाओं की मदद से लास्ट माइल कनेक्टिविटी बढ़ेगी, साथ ही पार्किंग आदि के झंझट से भी मुक्ति मिलेगी। इन फीडर सेवाओं पर प्रतिस्पर्धात्मक किराया होने की वजह से यात्रा किफायती होगी, साथ ही कैशलेस भुगतान का भी विकल्प होगा। पिंक फीडर सेवाओं का एक अन्य पहलू है कि इससे महिला चालकों के लिए भी रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने कहा कि, ‘‘कानपुर मेट्रो के यात्री सेवाओं के विस्तार के शुभारंभ के साथ ही आने वाले समय में पिंक फीडर सेवाओं का भी शुभारंभ होने जा रहा है। इन सेवाओं की विशेष बात है कि इन्हें महिला चालकों द्वारा ही संचालित किया जाएगा। यूपीएमआरसी की इस पहल से शहर की महिलाएं सशक्त होंगी और शिक्षा व रोजगार के क्षेत्र में बढ़-चढ़कर अपना योगदान कर सकेंगी। यूपीएमआरसी कानपुर मेट्रो के बाद जल्द ही लखनऊ और आगरा मेट्रो के लिए भी ये सेवाएं शुरू करने की योजना पर कार्य कर रहा है।‘‘
*कानपुर सेंट्रल तक यात्री सेवाओं के विस्तार के शुभारंभ की तैयारियां जोरों पर*
कानपुर मेट्रो स्टेशनों पर यात्री सेवाओं के विस्तार के शुभारंभ की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इसके लिए सभी स्टेशनों पर हाउसकीपिंग स्टाफ द्वारा दिन-रात अथक प्रयास किए जा रहे हैं। सभी स्टेशनों पर लाइटिंग की व्यवस्था के साथ – साथ चांदनी से विशेष सजावट की जा रही है। स्टेशनों के बाहर और रैली स्थल पर पोस्टर, बैनर लगाने की शुरूआत भी की जा चुकी है। स्टेशन पर यात्रियों की जानकारी के लिए लीफलेट, पॉकेट फोल्डर आदि भी बनकर तैयार हैं। शुभारंभ होने वाले पांचों अंडरग्राउंड स्टेशनों के अंदर की दिवारों को हाथ से बनी हुई सुंदर पेंटिंग्स से सजाया गया है। स्टेशनों पर बने आर्टवर्क की तरह ही ये पेंटिंग्स भी शहर की संस्कृति और परिवेश को अपने में संजोए हुए हैं। 30 मई को जिस ट्रेन को माननीय प्रधानमंत्री झंडा दिखाकर रवाना करेंगे, उसे भी इस अवसर के लिए विशेष रूप से सजाया जा रहा है।