कानपुर देहात में अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के रनियां में तेज रफ्तार डीसीएम व वोल्वो बस की टक्कर से अलग-अलग हादसों में युवक व महिला की मौत हो गई। वहीं हादसों में दो युवक घायल भी हुए हैं।
कानपुर के बर्रा निवासी शिवांशु त्रिवेदी (24) पुत्र चंद्र कुमार त्रिवेदी साथी कानपुर के कर्रही बर्रा निवासी शिवांश पांडेय (23) के साथ शनिवार की दोपहर में बाइक से रनियां में मटियामऊ रोड स्थित एक फैक्टरी में काम की तलाश में आए थे।
यहां से वापस घर लौटते समय रास्ते में पीछे से तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे सड़क पर गिरे शिवांशु को डीसीएम से कुचल दिया। हादसे के बाद चालक डीसीएम लेकर फरार हो गया। मौके पर ही शिवांशु की मौत हो गई। गंभीर घायल शिवांश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवकों ने हेलमेट लगने के बजाए बाइक में पीछे बांध रखा था।
उधर औरैया के भीखमपुर निवासी कमलेश कुमार बाइक से बीमार भाभी नीरज देवी (45) को लेकर शनिवार सुबह कानपुर जा रहा था। वह जैसे की रनियां पहुंचा अकबरपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार वोल्वो बस ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा।
वहां से चिकित्सक ने उसे हैलट रेफर कर दिया। दोपहर में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर भाग निकला। युवक ने हेलमेट लगा रखा था। रनियां चौकी इंचार्ज अनुराग पांडेय ने बताया कि अभी दोनों घटनाओं की तहरीर नहीं मिली है। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत कानपुर में हुई है, वहीं पर शव का पोस्टमार्टम होगा।
पिता के बाद बच्चों के सिर से उठा मां का साया
रनियां। मृतका के देवर कमलेश ने पुलिस को बताया कि कई वर्ष पहले भाई धमेंद्र की मौत हो गई थी। उनके दो बच्चे अनमोल व सचिन हैं। शनिवार की सुबह मार्ग दुर्घटना में भाभी की भी मौत हो गई। इससे बच्चों के सिर से पिता के बाद मां का भी साया उठ गया l
