कानपुर चमनगंज थाना क्षेत्र के आनंद बाग इलाके में स्थित एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। रंजीत स्टोर नामक जनरल स्टोर के बेसमेंट से शुरू हुई आग ने धीरे-धीरे पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी मच गई।
इमारत के ऊपर मकान मालिक रंजीत सिंह का पूरा परिवार रह रहा था। आग लगने के वक्त घर में 9 लोग फंसे हुए थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। पुलिस बल भी मौके पर तैनात है और सुरक्षा के लिहाज से आस-पास के पांच मकानों को खाली करा लिया गया है।
धुएं की वजह से पूरे इलाके में काला गुबार छा गया, जिससे स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। पास में रहने वाली महिलाएं और बच्चे भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल बना हुआ है।
सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। रंजीत स्टोर एक बड़ा जनरल स्टोर है, जहां से पूरे उत्तर प्रदेश में शैंपू, साबुन, तेल और अन्य घरेलू सामानों की आपूर्ति की जाती है।
मकान मालिक रंजीत सिंह ने भावुक होते हुए फायर ब्रिगेड कर्मियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, “अगर आग रात में लगती, तो शायद हम लोग नहीं बचते। समय पर आप लोगों के पहुंचने से हमारे परिवार की जान बच गई
