प्लास्टिक मुक्त भारत की ओर एक कदम – पॉलिथीन बैग मुक्त दिवस पर भाजपा का अभिनव प्रयास
कानपुर, 2 जुलाई:
भारतीय जनता पार्टी, कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र द्वारा अंतरराष्ट्रीय पॉलिथीन बैग मुक्त दिवस के अवसर पर कल दिनांक 3 जुलाई 2025 को क्षेत्रीय कार्यालय में “प्लास्टिक मुक्त बैग” के शुभारंभ का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए भाजपा क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा आम जनमानस को पॉलिथीन के दुष्प्रभावों से अवगत कराना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री प्रकाश पाल करेंगे, जो पर्यावरणीय मुद्दों पर पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
कार्यक्रम की विशेष अतिथि कानपुर निवासी श्रीमती संजीवनी शर्मा होंगी, जो “प्लगर ग्रुप” की संरक्षक हैं। यह समूह पर्यावरण संरक्षण हेतु निरंतर कार्य कर रहा है, और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा मन की बात कार्यक्रम में उनके प्रयासों की विशेष रूप से सराहना की जा चुकी है।
इस अवसर पर पर्यावरण हितैषी कपड़े के बैग आमजन को वितरित किए जाएंगे तथा “Say No To Plastic” अभियान की शुरुआत करते हुए स्थानीय लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, पर्यावरण प्रेमियों एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।
कल से ही सर्व प्रथम क्षेत्रीय कार्यालय में प्लास्टिक बैग का उपयोग पूर्ण रूप से प्रतिबंधित होगा ऐसा भी संकल्प दिलाया जाएगा ।
भारतीय जनता पार्टी का यह प्रयास न केवल पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में है, बल्कि समाज को स्वावलंबी एवं जिम्मेदार बनाने का भी संदेश देता है।
