बर्रा दो के 80 फिट रोड पर वारदात वीडियो वायरल होने के बाद पहुंची पुलिस
Tue, 07 Sep 2021
कानपुर में बर्रा दो के 80 फिट रोड पर सोमवार देर रात नशेबाजी के विरोध पर दबंगों ने भवन में ही प्रथम तल पर रहने वाले एक युवक व उसके दो दोस्तों पर कातिलाना हमला कर दिया और पथराव कर घर के बाहर खड़ी उनकी कार तोड़ डाली। लोगों ने घटना की वीडियो वायरल की, तब पुलिस पहुंची।
बर्रा विश्वबैंक जे ब्लाक निवासी पीड़ित आशीष कुमार ने पुलिस को बताया कि इलाके के जिस घर में उनका दोस्त अनूप साहू रहता है, उसी घर के भूतल पर विकास उर्फ बंगाली भी रहता है। आरोप है कि विकास आपराधिक प्रवृत्ति का है और अक्सर अपने साथियों को बुलाकर जुआ चलवाता है व गांजा, चरस आदि नशीले पदार्थों का सेवन करता है। सोमवार शाम अनूप ने विरोध किया तो दोनों पक्षों में नोकझोंक हो गई। इस पर अनूप ने मंगला विहार निवासी आलोक मिश्रा को फोन किया। आलोक, अपने साथ आशीष को लेकर वैगनआर कार से पहुंचे। आरोप है कि बातचीत के दौरान विकास ने एक दर्जन साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया। आशीष, आलोक व अनूप को लाठी डंडे से पीटा। आलोक व आशीष का सिर फट गया। अनूप को भी चोटें आईं। आरोपितों ने आलोक की कार में भी पथराव व तोड़फोड़ की। आरोप है भीड़ जुटने पर आरोपित चेन लूटकर व फायरिग करके फरार हो गए। थाना प्रभारी अजय सेठ ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है। वीडियो के आधार पर हमलावरों को चिह्नित किया गया है। मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
