बिकरू कांड: दहशतगर्दों को पनाह देने वालों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल, कोर्ट में हुई पेशी
Tue, 07 Sep 2021
बिकरू कांड के आरोपियों को पनाह देने के मामले में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ सोमवार को आरोप पत्र दाखिल किया है। जिले के ही अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। इन आरोपियों के नाम घटना के छह माह बाद प्रकाश में आए थे।
तब आरोपियों ने कोर्ट में सरेंडर किया था। सभी माती जेल में हैं। सोमवार को चार्जशीट दाखिल होने के दौरान इन्हें कोर्ट में पेश किया गया। सहायक शासकीय अधिवक्ता आशीष तिवारी ने बताया कि अब सुनवाई की अगली तिथि 23 सितंबर तय की गई है।
दो जुलाई 2020 को हुए बिकरू कांड के बाद आरोपियों को पनाह देने वालों की छानबीन शुरू हुई। इसमें धनीरामपुर रूरा के अमन शुक्ला, अनुभव तिवारी, मंगलपुर झींझक के शुभम पाल, करियाझाला झींझक के संजय परिहार, रसूलाबाद कस्बे के रामजी उर्फ राधे, शिवली के विष्णु कश्यप का नाम सामने आया था।
सोमवार को चौबेपुर पुलिस ने इनके खिलाफ आरोप पत्र एडीजे चतुर्थ की कोर्ट में दाखिल किया। सुनवाई के दौरान सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। हालांकि बिकरू कांड की सुनवाई एंटी डकैती कोर्ट में चल रही है लेकिन अवकाश पर होने के चलते आरोपियों की पेशी एडीजे चतुर्थ की कोर्ट में की गई है l
